
देवरिया में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई (Img: Dynamite News)
Deoria: देवरिया में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। नगर क्षेत्र में टीम ने अचानक कई जगहों पर पहुंचकर दूध, दही और फास्ट फूड प्रतिष्ठानों की जांच की।अधिकारियों की टीम ने कई दुकानों और बिक्री केंद्रों पर जांच करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने जुटाए। विभाग की इस कार्रवाई के बाद शहर के कई खाद्य कारोबारियों में हड़कंप देखने को मिला।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाहर से आने वाली दुग्ध कंपनियों के बिक्री केंद्रों की जांच की। इस दौरान मदर डेयरी के दो दूध और एक दही के नमूने लिए गए। इसके अलावा टैंकर के जरिए दूध सप्लाई करने वाली तनु डेयरी से भी संदेह के आधार पर दो दूध के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ होगा कि खाद्य पदार्थ तय मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।
ये भी पढ़ें- नीचे झूल रहा था 11 KV का तार; देवरिया में ट्रैक्टर-ट्रॉली के चपेट में आने से मजदूर की दर्दनाक मौत
दूध उत्पादों की जांच के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर के कई फास्ट फूड प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने पिज्जा, बर्गर, सैंडविच और मोमोज बेचने वाली दुकानों में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की।इस दौरान डोमिनोज पिज्जा और यूएस पिज्जा में कुछ कमियां मिलने पर सुधार नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने प्रतिष्ठानों को नियमों का पालन करने और कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए।
भटवलिया चौराहा स्थित यूएसपीएफसी पिज्जा एंड फ्राइड चिकन प्रतिष्ठान में जांच के दौरान कुछ गंभीर कमियां सामने आईं। टीम को वहां वेज और नॉन-वेज खाद्य पदार्थ एक साथ रखे हुए मिले। इसके अलावा कुछ एक्सपायर और खराब खाद्य सामग्री भी मिली, जिसे अधिकारियों ने मौके पर ही नष्ट करा दिया। प्रतिष्ठान से सॉस और पनीर के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट आने के बाद अगर किसी भी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश और जिलाधिकारी के आदेश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी के नेतृत्व में चलाया गया।
ये भी पढ़ें- ‘शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई’ फतेहपुर में दबंगों के हौसले बुलंद, पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेम चंद्र, श्रीराम यादव, घनश्याम वर्मा, राम सिंगार यादव, राजू पाल और नेहा त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। विभाग का कहना है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर के खाद्य प्रतिष्ठानों में सतर्कता बढ़ गई है।
Location : Deoria
Published : 28 July 2026, 7:57 PM IST