
हाथरस में विवाहिता की मौत (IMG: Dynamite News)
Hathras: सासनी कोतवाली क्षेत्र के लूटसन गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। 24 वर्षीय शीतल पत्नी शिवकुमार की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
जानकारी के मुताबिक शीतल की शादी वर्ष 2021 में शिवकुमार के साथ हुई थी। शीतल की दो छोटी बेटियां हैं। अचानक हुई उसकी मौत की खबर से दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सासनी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के चाचा ओमवीर सिंह निवासी खेड़ा फिरोजपुर ने आरोप लगाया कि शीतल की हत्या की गई है। उनका कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। मायके पक्ष के अनुसार उन्हें फोन कर जानकारी दी गई थी कि शीतल ने आत्महत्या कर ली है। इसके बाद परिजन गांव लूटसन पहुंचे। उन्होंने पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि शीतल के साथ किसी तरह का कोई बड़ा पारिवारिक विवाद नहीं था।
सासनी कोतवाली प्रभारी विपिन चौधरी ने बताया कि विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति साफ हो सकेगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Hathras
Published : 14 August 2026, 12:41 PM IST