बेटी की डोली उठी… अगले दिन पिता की अर्थी, मैनपुरी में शादी की खुशियां मातम में बदलीं

मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में बेटी की विदाई के अगले दिन पिता की हाईटेंशन करंट से मौत हो गई। सुनील अपनी बेटी की शादी के बाद खेत पर गए थे, जहां करंट की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 June 2026, 3:32 PM IST

Mainpuri: मैनपुरी में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बेटी की विदाई के अगले ही दिन पिता की अर्थी उठ गई। जिस घर में कल तक शादी के गीत और खुशियों की आवाजें गूंज रही थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। बेटी को हंसी-खुशी विदा कर खेत पर गया पिता हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

बेटी की विदाई के बाद घर में छाया मातम

पूरा मामला कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम देवकली का है। यहां रहने वाले 40 वर्षीय सुनील पुत्र महेंद्र सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। सुनील के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। उनकी बेटी साधना की शादी 21 जून को धूमधाम से हुई थी। शादी में अवागढ़ से बारात आई थी और पूरे रीति-रिवाज के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ था। 22 जून को सुनील ने अपनी बेटी को नम आंखों से विदा किया था। परिवार अभी शादी की खुशियों और मेहमानों की विदाई में ही व्यस्त था कि अगले दिन एक ऐसी खबर आई, जिसने सभी को तोड़ दिया।

खेत पर काम करने गए थे सुनील

बताया जा रहा है कि मंगलवार को सुनील अपने खेत पर पौध लगाने के लिए गए थे। खेत के पास बिजली का पोल लगा हुआ है, जिसके ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही थी। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि पोल और लाइन में लंबे समय से करंट उतर रहा था। कई बार बिजली विभाग को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। मंगलवार को काम करते समय अचानक सुनील करंट की चपेट में आ गए।

मैनपुरी में दबंगई का नंगा नाच, इस विवाद को लेकर व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई, भोगांव पुलिस पर गंभीर आरोप

चीख सुनकर दौड़े ग्रामीण, नहीं बच सकी जान

खेतों में काम कर रहे आसपास के लोगों ने जब सुनील की चीख सुनी तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें करंट से अलग किया और इलाज के लिए कुरावली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने लगे। लेकिन रास्ते में ही सुनील ने दम तोड़ दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ ही घंटे पहले जिस पिता ने बेटी को विदा किया था, अब उसी पिता की मौत की खबर ने सभी को सदमे में डाल दिया।

शादी वाले घर में छाया सन्नाटा

सुनील की मौत के बाद देवकली गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार के घर पहुंचने लगे। परिजनों का कहना है कि सुनील ने मेहनत-मजदूरी और खेती करके अपनी बेटी की शादी की थी। परिवार के लिए यह शादी एक खुशी का मौका थी, लेकिन किस्मत ने अगले ही दिन सब कुछ बदल दिया। बेटी की विदाई के बाद पिता की अर्थी उठने का दर्द पूरे गांव को झकझोर गया।

मैनपुरी में दरोगा का कथित ऑडियो वायरल: दुष्कर्म केस खत्म कराने के नाम पर रुपये मांगने का आरोप, जांच शुरू

ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लगाए आरोप

पड़ोसी विकास राजपूत ने आरोप लगाया कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही का नतीजा है। उनका कहना है कि हाईटेंशन लाइन काफी नीचे से गुजर रही थी और इससे पहले भी खतरे की स्थिति बनी थी। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों को सूचना दी, लेकिन लाइन को ऊंचा कराने या दूसरी जगह शिफ्ट कराने की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं बिजली विभाग की लापरवाही के आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Location :  Mainpuri

Published :  23 June 2026, 3:20 PM IST