सदस्यता से इनकार करना पड़ा भारी! ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ ज्वाइन नहीं की तो डॉक्टर को सड़क पर पीटा, मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के मऊ में एक सरकारी डॉक्टर ने जब एक युवक की बात मानने से इनकार किया, तो मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस तक पहुंच गया। आखिर सड़क पर क्या हुआ, किस बात को लेकर विवाद भड़का और अब पुलिस क्या कार्रवाई कर रही है?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 5 June 2026, 2:22 PM IST

Mau: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में सोशल मीडिया पर चर्चा में रही ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ को लेकर एक विवाद सामने आया है। आरोप है कि पार्टी की सदस्यता लेने से इनकार करने पर एक सरकारी डॉक्टर के साथ मारपीट की गई और उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई और उन्होंने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

रास्ते में रोककर बनाया दबाव

जानकारी के मुताबिक, घोसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के एनसीडी क्लीनिक में तैनात डॉ. हरीशचंद्र जायसवाल ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति ने उन्हें रोक लिया और खुद को ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ से जुड़ा बताया। डॉक्टर का आरोप है कि बातचीत के दौरान एक अन्य युवक भी वहां पहुंच गया। दोनों ने उनसे पार्टी की सदस्यता लेने की बात कही। जब उन्होंने इसमें शामिल होने से साफ इनकार कर दिया तो विवाद बढ़ गया।

जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़ित डॉक्टर के अनुसार, सदस्यता लेने से मना करने पर आरोपियों ने पहले अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और फिर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद डॉ. जायसवाल ने इसकी जानकारी अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने एकजुट होकर विरोध जताया।

दिल्ली एयरपोर्ट से अचानक क्यों हट गया बड़ा प्लान? कॉकरोच जनता पार्टी के फैसले ने मचाया सस्पेंस

कोतवाली पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

घटना के विरोध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक और अन्य कर्मचारी सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज के नेतृत्व में घोसी कोतवाली पहुंचे। वहां उन्होंने लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।स्वास्थ्यकर्मियों का कहना है कि सरकारी सेवाओं में लगे कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाएं न केवल चिंताजनक हैं बल्कि उनके मनोबल को भी प्रभावित करती हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले में घोसी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय ने बताया कि डॉक्टर से मारपीट करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने जैसी धाराओं में केस दर्ज किया गया है।पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। जल्द ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बलरामपुर में जंगल से निकला तेंदुआ गांव में घुसा, तीन घंटे चला खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन

सोशल मीडिया से चर्चा में आई थी पार्टी

गौरतलब है कि पिछले महीने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम अचानक चर्चा का विषय बन गया था। दावा किया गया था कि इस नाम से बने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया अकाउंट्स को कुछ ही घंटों में बड़ी संख्या में फॉलोअर्स मिलने लगे।

Location :  Mau

Published :  5 June 2026, 2:22 PM IST