
चेकिंग के दौरान आमना-सामना (Source: Dynamite News)
Chandauli: सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, चेकिंग के दौरान रोकने पर बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के मुताबिक सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पट्टीदारी सवैया महलवार गांव के समीप सैयदराजा-धरौली हाईवे पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला और जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान राजू मुसहर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजू के खिलाफ हत्या और डकैती समेत गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से वांछित चल रहा था।
राजू मुसहर 15 दिसंबर 2025 को ग्राम तेंदुआन में हुई हत्या और डकैती की वारदात में वांछित था। इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे।
राजू की गिरफ्तारी के लिए चंदौली पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश और चेकिंग अभियान चला रही थी।
हंगामे की भेट चढ़ा संसद का मानसून सत्र, लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाश के कब्जे से .315 बोर का तमंचा बरामद किया है। इसके अलावा एक खोखा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस और मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।
पुलिस अब बरामद हथियार और वाहन के संबंध में भी जांच कर रही है। साथ ही आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मुठभेड़ में घायल राजू मुसहर को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सदर चंदौली नामेंद्र कुमार ने मुठभेड़ और गिरफ्तारी की जानकारी दी। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में भी जुटी है।
Location : Chandauli
Published : 13 August 2026, 11:28 AM IST
Topics : Chandauli News crime news UP Police