पहले संदिग्ध हालत में हुई किशोरी की मौत, फिर अलमारी से मिला कथित सुसाइड नोट; पांच नामों से मचा हड़कंप

हाथरस के सासनी क्षेत्र के ततारपुर मोहरिया गांव में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के दो दिन बाद घर की अलमारी से कथित सुसाइड नोट मिलने से मामला नया मोड़ ले गया। परिजनों की शिकायत पर पांच नामजद लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस कथित नोट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 23 September 2026, 2:02 PM IST

Hathras: सासनी क्षेत्र के ततारपुर मोहरिया गांव में 17 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के दो दिन बाद मामला अचानक फिर चर्चा में आ गया। किशोरी की मौत के बाद घर की अलमारी से एक नोटबुक मिलने की बात सामने आई है। परिजनों का दावा है कि नोटबुक में कथित सुसाइड नोट लिखा हुआ था और उसमें पांच लोगों के नाम दर्ज हैं। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांचों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब नोटबुक, उसमें लिखी बातों, परिजनों के बयान और दूसरे साक्ष्यों की जांच कर रही है।

आंगन में बेहोशी की हालत में मिली थी किशोरी

जानकारी के मुताबिक, ततारपुर मोहरिया गांव निवासी 17 वर्षीय मधु अक्सर बीमार रहती थी। 16-17 सितंबर की रात वह घर के आंगन में बेहोशी की हालत में मिली। किशोरी को इस हालत में देखकर परिवार में हड़कंप मच गया। परिजन तत्काल उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने 17 सितंबर को ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उस समय मौत की वजह को लेकर परिवार की ओर से कोई अलग मामला सामने नहीं आया था।

किसानों के लिए बड़ी पहल: हाथरस में लॉन्च हुआ भारत ब्रांड सब्जी बीज, सहकारी समितियों के जरिए पहुंचेगा खेतों तक

अलमारी से मिली नोटबुक ने बदला मामला

किशोरी के अंतिम संस्कार के अगले दिन घर की अलमारी में एक नोटबुक मिलने के बाद परिजनों को कथित सुसाइड नोट की जानकारी हुई। परिजनों के अनुसार, नोटबुक में किशोरी ने कुछ लोगों के नाम लिखे थे। इसके बाद उन्होंने मामले की जानकारी पुलिस को दी और कार्रवाई की मांग की। परिजनों के मुताबिक, कथित नोट में समीर, सोनू, मुनाशीम, उस्ताद और भांजे के नाम दर्ज हैं। नोट में इन लोगों पर कथित तौर पर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर परेशान करने का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, नोट में लिखी बातों की सत्यता और उसमें दर्ज आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

परिजनों की शिकायत और कथित सुसाइड नोट सामने आने के बाद सासनी पुलिस ने पांचों नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नोटबुक में लिखी बातें किशोरी की ही हैं या नहीं और उसमें दर्ज आरोपों की वास्तविकता क्या है। इसके अलावा पुलिस परिजनों के बयान और किशोरी की मौत से जुड़े परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बना रही है।

“अब हमें कौन संभालेगा?” हाथरस में ट्रेन से गिरे जगदीश की मौत, मासूम बच्चों के सिर से छिन गया पिता साया! मातम में डूबा घर

विधायक ने परिवार से की मुलाकात

मामले की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय विधायक अंजुला माहौर भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और उन्हें ढांढस बंधाया। परिजनों के अनुसार, विधायक ने पुलिस अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के लिए कहा। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई है।

Location :  Hathras

Published :  23 September 2026, 2:02 PM IST