पहले फिल्मों में हीरोइन बनाने का दिखाया सपना, फिर सामने आया ऐसा असली चेहरा… हिरासत में लेते ही आरोपी की बिगड़ी तबीयत

देवरिया में फिल्म में हीरोइन बनाने का झांसा देकर युवती से कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में लिया, लेकिन कुछ ही घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 August 2026, 9:52 PM IST

Deoria: सदर कोतवाली क्षेत्र में फिल्म में हीरोइन बनाने का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने पोखरभिंडा निवासी विनायक के खिलाफ दुष्कर्म की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, लेकिन कुछ घंटे बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे महर्षि देवरहा बाबा स्वशासी राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।

युवती की आरोपी से कैसे हुई मुलाकात?

पुलिस के अनुसार, युवती की मुलाकात विनायक से हुई थी। आरोप है कि विनायक ने खुद को फिल्म निर्माता बताते हुए युवती को एक फिल्म में हीरोइन बनाने का झांसा दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी ने इसी बहाने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब उसे कथित तौर पर धोखे का पता चला तो उसने रविवार को सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।

ये भी पढ़ें- महराजगंज में पीपल के पेड़ पर मिला विशाल अजगर, मचा हड़कंप, रेस्क्यू देखने उमड़ी भीड़

मिर्गी की बीमारी से पीड़ित

तहरीर के आधार पर पुलिस ने विनायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लिए जाने के करीब तीन घंटे बाद दोपहर लगभग दो बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर उपचार शुरू किया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को मिर्गी की बीमारी है और हिरासत के दौरान उसे दौरा पड़ा था। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।

ये भी पढ़ें- जैसे ही बदायूं पहुंचा कछला का गंगाजल, स्वागत में उमड़ पड़ा शहर… हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा रास्ता

मेडिकल कॉलेज में कराया गया भर्ती

सदर कोतवाल शशिभूषण राय ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर आरोपी विनायक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। हिरासत में लिए जाने के बाद तबीयत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Deoria

Published :  9 August 2026, 9:52 PM IST