7 साल की बच्ची 3 दिन से थी बीमार, नानी को बताई ऐसी बात कि मचा हड़कंप; आरोपी रिश्ते में निकला अपना ही

हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र में सात वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि नाना के छोटे भाई ने बच्ची के साथ दरिंदगी की और विरोध करने पर उसके भाई को मारपीट कर धमकाया। बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद परिवार को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश के लिए दो टीमें गठित की हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 22 August 2026, 7:13 PM IST

Hapur: हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के एक गांव में सात साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। आरोप है कि बच्ची के ही रिश्ते में लगने वाले एक व्यक्ति ने मौका पाकर उसके साथ दरिंदगी की। बच्ची के 10 वर्षीय भाई ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। कई दिनों तक बच्ची की तबीयत खराब रहने के बाद जब परिवार को घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई।

नानी के घर भाई के साथ रहती है बच्ची

सीओ पिलखुवा मुनीश चंद्र के मुताबिक सात वर्षीय बच्ची अपने 10 वर्षीय भाई के साथ नानी के घर रहती है। बच्ची की मां हरियाणा में रहती है, जबकि नानी नोएडा में घरेलू काम करती हैं। बच्चों की देखभाल के लिए वे नानी के घर पर रह रहे थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने बच्ची को अकेला पाकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना करीब तीन दिन पहले हुई थी। मामले की जानकारी तत्काल सामने नहीं आ सकी, क्योंकि आरोपी ने बच्चों को धमकाया था।

मस्जिद में दाखिल हुए दो युवक, 5 मिनट बाद पहुंची ATS और दोनों को ले गई! हापुड़ में आखिर क्या हुआ?

भाई ने विरोध किया तो मारपीट और धमकी

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक बच्ची के 10 वर्षीय भाई ने जब आरोपी को रोकने की कोशिश की तो उसके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपी ने बच्चे को जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। बच्चों के डर की वजह से घटना की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को तुरंत नहीं मिल सकी। इस दौरान बच्ची की तबीयत लगातार खराब होती रही।

बच्ची की हालत बिगड़ी तो खुला मामला

पुलिस के मुताबिक बच्ची पिछले दो-तीन दिनों से अस्वस्थ थी। बाद में बच्चों ने अपनी नानी को घटना के बारे में बताया। नानी उस समय नोएडा में थीं और जानकारी मिलने के बाद घर लौटीं। नानी ने बच्ची को स्थानीय निजी चिकित्सक को दिखाया। हालांकि बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसकी मां को भी सूचना दी गई। इसके बाद हरियाणा से उसकी मां हापुड़ पहुंचीं। देर रात मां ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।

हापुड़ में खौफनाक वारदात: चलती कार में गनपॉइंट पर छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी की करतूत से सहमी पीड़िता ने बताया खौफनाक मंजर

रात में पुलिस पहुंची

पुलिस के मुताबिक सूचना मिलने के बाद पीआरवी-8 और धौलाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात करीब 11 बजे पुलिस ने बच्ची को अपने संरक्षण में लिया और उपचार के लिए सीएचसी धौलाना भेजा। बच्ची की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल हापुड़ रेफर कर दिया।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमों का गठन किया है। पुलिस टीमें उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ पिलखुवा ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।

Location :  Hapur

Published :  22 August 2026, 7:13 PM IST