मासूम बेटे ने पूछा-‘मां कब उठेगी’? दहेज के लिए फंदे पर झूलाई गई विवाहिता, बिलखते परिजनों का कलेजा फटा

बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र में 34 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट कर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 10 September 2026, 5:15 PM IST

Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं के उझानी थाना क्षेत्र में 34 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए मारपीट कर हत्या करने और शव को फंदे पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पति, सास, ससुर और देवर पर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पांच साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार कासगंज जिले के सोरों गेट थाना क्षेत्र के मोहल्ला जय जयराम निवासी विनोद कुमार साहू ने अपनी बेटी नीतू साहू की शादी करीब पांच साल पहले बदायूं के उझानी कस्बे के रेलवे रोड स्थित रामलीला मैदान मोहल्ला निवासी विशाल साहू से की थी।

परिजनों के मुताबिक शादी के समय विशाल गुड़गांव की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर नौकरी करता था। शादी के कुछ समय बाद उसकी नौकरी छूट गई और वह वापस उझानी स्थित अपने घर आ गया। नीतू के परिवार के अनुसार शादी के करीब दो साल बाद उनके घर बेटे का जन्म हुआ।

ये भी पढ़ें: Badaun: तेज रफ्तार बाइक ने कांवड़िया को मारी टक्कर, हादसे के बाद उठे ये बड़े सवाल

फ्लैट और नकदी की मांग का आरोप

मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के बाद से ही नीतू को दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा था। आरोप है कि पति विशाल साहू, ससुर राजीव साहू, सास प्रवीना देवी और देवर सार्थक उस पर मायके से गुड़गांव में फ्लैट और नकद रुपये लाने का दबाव बनाते थे।

परिजनों का कहना है कि नीतू ने कई बार मायके वालों को ससुराल में हो रही कथित प्रताड़ना की जानकारी दी थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए रिश्तेदारों और समाज के लोगों की मौजूदगी में पंचायत भी हुई। हालांकि, मायके वालों का आरोप है कि इसके बाद भी दहेज की मांग बंद नहीं हुई।

मारपीट के बाद फंदे पर लटकाने का आरोप

मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि घटना वाले दिन पति, सास, ससुर और देवर ने मिलकर नीतू के साथ मारपीट की। परिजनों के अनुसार, उसे लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटा गया। इसके बाद उसे फंदे पर लटका दिया गया। मायके वालों का यह भी आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। इसके बाद नीतू को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपियों के फरार होने की बात

घटना की जानकारी पड़ोसियों के माध्यम से नीतू के मायके वालों को मिली। सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने के साथ ही परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। मायके वालों के अनुसार घटना के बाद मृतका का पति, सास, ससुर और देवर मौके से फरार हो गए। हालांकि, पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

ये भी पढ़ें: Badaun News: एक टक्कर और खत्म हो गई जिंदगी… 14 साल के बच्चे की दर्दनाक कहानी

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

मृतका के मामा और अन्य परिजनों ने पति विशाल साहू, ससुर राजीव साहू, सास प्रवीना देवी और देवर सार्थक के खिलाफ दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

Location :  Badaun

Published :  10 September 2026, 5:15 PM IST