
जमीन का बैनामा के बाद 3 लाख रुपये लूटा (Source: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान में जमीन बेचने के बाद घर लौट रहे दंपती के साथ मारपीट कर तीन लाख रुपये और बाइक छीनने का आरोप लगा है। पीड़िता सोमवती ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। महिला ने अपने पति वीरपाल के लापता होने की जानकारी देते हुए अपनी और पति की जान को खतरा भी बताया है।
ग्राम जकूपुर निवासी सोमवती पत्नी वीरपाल के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को उनके पति वीरपाल ने अपनी जमीन गांव के राजेश को तीन लाख रुपये में बेची थी। जमीन का बैनामा कराने के बाद दंपती बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में गांव के सतीश, पिंटू पुत्र सत्यपाल और अजीत पुत्र सतीश ने उन्हें रोक लिया और उनके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि इस दौरान बैनामे के बदले मिले तीन लाख रुपये और उनकी बाइक छीन ली गई।
सोमवती ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान वह किसी तरह वहां से निकलकर पैदल घर पहुंचीं, जबकि उनके पति वीरपाल वहां से चले गए। इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका है। महिला ने आशंका जताई है कि उनके पति के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। पति के लापता होने से वह परेशान हैं और उनका पता लगाने की मांग कर रही हैं।
पीड़िता का आरोप है कि 18 अक्टूबर से आरोपी उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। बाहर जाने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित लोग जमीन की खरीद-बिक्री के मामलों में दबाव बनाते हैं और पुलिस से शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हैं।
बदायूं में जमीन के विवाद ने लिया खूनी रूप! दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, 10 घायल
सोमवती ने सहसवान कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कथित तौर पर छीने गए तीन लाख रुपये और बाइक बरामद कराने, लापता पति का पता लगाने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
Location : Budaun
Published : 21 October 2026, 2:43 PM IST