Budaun: कच्छा-बनियान गिरोह का तांडव, परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती

बदायूं के इस्लामनगर में कच्छा-बनियान गिरोह के 8-10 हथियारबंद बदमाशों ने किसान निजाकत के घर में घुसकर परिवार को बंधक बनाया, मारपीट की और सोना-चांदी समेत नकदी लूट ली। घटना में कई लोग घायल हुए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 May 2026, 3:10 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं के थाना इस्लामनगर क्षेत्र के मुहल्ला मुस्तफाबाद में मंगलवार देर रात कच्छा-बनियान गिरोह ने दहशत फैला दी। हथियारबंद बदमाशों ने एक किसान के घर में घुसकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और विरोध करने पर जमकर मारपीट की। बदमाश घर से लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना में महिला-पुरुष समेत पांच लोग घायल हुए हैं। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

दीवार फांदकर घर में घुसे 8 से 10 बदमाश

जानकारी के अनुसार मुहल्ला मुस्तफाबाद निवासी निजाकत पुत्र मोहम्मद नवी खेती और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। वह मूल रूप से मुड़िया धुरेकी गांव के रहने वाले हैं और करीब दो वर्ष पहले परिवार सहित इस्लामनगर में आकर बसे थे। मंगलवार को उनके भाई रिफाकत और अन्य रिश्तेदार उर्स का मेला देखने आए हुए थे।

देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच आठ से दस बदमाश कच्छा-बनियान पहने दीवार फांदकर घर में घुस आए। सभी बदमाशों के पास तमंचे और लाठी-डंडे थे। घर में घुसते ही बदमाशों ने पूरे परिवार को हथियारों के बल पर अपने कब्जे में ले लिया।

नाती को पकड़कर मांगी चाबी

पीड़ित निजाकत के मुताबिक बदमाशों ने सबसे पहले उनके नाती को पकड़ लिया और अलमारी तथा बक्सों की चाबी मांगी। परिवार के विरोध करने पर बदमाशों ने बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। बदमाश घर से करीब आठ तोला सोना, ढाई से तीन किलो चांदी के जेवरात और 1.25 लाख रुपये नकद लूट ले गए।

मारपीट में कई लोग घायल

घटना में निजाकत, उनका भतीजा मिस्किन, बहू फिजा, रिफाकत की पत्नी शबनम, निजाकत की बेटी नाजिश और रिफाकत का बेटा अल्तमश घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।

आवासीय पट्टा भूमि पर कब्जे का आरोप, पीड़ित परिवार ने डीएम से लगाई गुहार

कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए सीओ और आसपास के थानों की फोर्स भी बुलाई गई। सभी घायलों को रुदायन सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

गोरखपुर में सपा नेत्री Kajal Nishad समेत कई नेता House Arrest, सियासी माहौल गरम

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से पूछताछ की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सीओ ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ डकैती और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस की कई टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हैं।

Location :  Budaun

Published :  20 May 2026, 3:10 PM IST

Advertisement