
दामाद ने ससुर को मारी गोली (Img: Dynamite News)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र में पत्नी को वापस लाने के विवाद में एक युवक ने अपने ही ससुर को गोली मार दी। घायल को पहले दहगवां सीएचसी ले जाया गया, हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे उपचार के लिए अलीगढ़ ले गए। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना जरीफनगर क्षेत्र के ग्राम रदनौल अजीजपुर निवासी राजाराम (62) पुत्र यादराम ने करीब 12 वर्ष पूर्व अपनी बेटी पूजा का विवाह चंद्रभान पुत्र वनवारी निवासी ग्राम कमालपुर थाना केलादेवी जनपद सम्भल से किया था।
Budaun: बिसौली विधायक आशुतोष मौर्य की फॉर्च्यूनर कार हादसे का शिकार, MLA समेत 3 गंभीर घायल
पीड़ित की पत्नी कलावती ने बताया कि दो माह पहले दामाद चंद्रभान ने पूजा को घर से निकाल दिया था। इसके बाद राजाराम अपनी बेटी को अपने साथ मायके ले आए थे। तब से पूजा मायके में ही रह रही थी।
सोमवार सुबह करीब 7 बजे चंद्रभान ससुराल पहुंचा। बताया जा रहा है कि पत्नी को साथ ले जाने को लेकर ससुर राजाराम से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि चंद्रभान ने तमंचे से राजाराम पर फायर कर दिया। गोली राजाराम की आंख के नीचे लगी और वह मौके पर ही गिर पड़े। गोली चलाने के बाद आरोपी तुरंत फरार हो गया।
घटना से घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने तुरंत राजाराम को उपचार के लिए दहगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन राजाराम को बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ ले गए हैं।
Budaun: बच्चों की किताबें खरीदने निकला था पिता, बाजार पहुंचते ही हो गई अचानक मौत
सूचना मिलते ही थाना जरीफनगर पुलिस दहगवां सीएचसी पहुंची। पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से घटना के बारे में जानकारी जुटाई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर आरोपी चंद्रभान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है। पुलिस ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।
Location : Budaun
Published : 3 August 2026, 3:59 PM IST