खेत जोतने गए किसान की गन्ने के खेत में मिली लाश! बदायूं में फैली सनसनी; 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

खेत की जुताई कराने पहुंचे किसान का शव आखिर गन्ने के खेत में कैसे पहुंचा? परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 October 2026, 1:28 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के भीमपुर दोस्तपुर गांव में खेत की जुताई कराने गए किसान का शव गन्ने के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने किसान की हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गन्ने के खेत में मिला किसान का शव

जानकारी के मुताबिक, संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के मिठनपुर गांव निवासी छत्रपाल (40) पुत्र जुगेंद्र का खेत बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र में है। बताया जा रहा है कि छत्रपाल अपने खेत की ट्रैक्टर से जुताई कराने के लिए गांव आया था। इसी दौरान उसका शव गन्ने के खेत में पड़ा मिला।

समय पर मिलता सही इलाज तो बच जाती जान, बदायूं में महिला की इलाज के दौरान मौत पर परिजनों का फूटा गुस्सा

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

किसान का शव मिलने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही जरीफनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

ट्रैक्टर चालक ने पुलिस के सामने किया सरेंडर

सूत्रों के मुताबिक, मामले में खेत की जुताई कराने वाले ट्रैक्टर चालक ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है। हालांकि, किसान की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

बदायूं में चलती बाइक में लगी आग, कुछ ही मिनटों में धू-धूकर जली मोटरसाइकिल

चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

परिजनों के मुताबिक, छत्रपाल के चार बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और दो बेटे शामिल हैं। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन इसे सामान्य मौत नहीं मान रहे हैं और उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की जांच की मांग की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

जरीफनगर थाना पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Budaun

Published :  6 October 2026, 1:28 PM IST