
पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे परिजन (Img: Dynamite News)
Budaun: दातागंज कोतवाली क्षेत्र में देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। धरेली यात्री मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल घर लौट रहे एक अधेड़ राहगीर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महेश चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान महेश चंद्र (40) पुत्र ज्वाला प्रसाद, निवासी ग्राम उधमपुर, मजरा धरेली, थाना दातागंज के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक महेश चंद्र किसी काम से पड़ोस के गांव भटौली गए थे। काम पूरा करने के बाद वह पैदल अपने घर लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि देर शाम जब वह धरेली यात्री मोड़ के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महेश चंद्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया।
ये भी पढ़ें- “काला कानून वापस नहीं हुआ तो वोट की चोट देंगे”, गंगाजल लेकर दिल्ली निकले प्रदर्शनकारियों को मुजफ्फरनगर में रोका
हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल घटना की जानकारी डायल 112 और दातागंज कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महेश चंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दातागंज पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की और पोस्टमार्टम के लिए बदायूं जिला मुख्यालय भेज दिया।
महेश चंद्र की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव उधमपुर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि महेश चंद्र खेती-किसानी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी के अलावा तीन बेटे और एक छोटी बेटी है। अचानक हुई इस मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। चारों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
ये भी पढ़ें- टावर पर चढ़ गया युवक, फिर अचानक नीचे गिरा; नथुवापुर में मचा हड़कंप
दातागंज पुलिस अब हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा सके।
पुलिस ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 15 September 2026, 11:32 AM IST
Topics : Budaun News Dataganj hit and run Road Accident