जंगल में पेड़ से लटका मिला शव… बदायूं में बुजुर्ग की मौत से मचा हड़कंप, अकेलेपन की कहानी ने झकझोरा

बदायूं के दातागंज इलाके में जंगल के बीच पेड़ पर बुजुर्ग का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान हाकिम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अविवाहित थे और अक्सर अपनी बहन के घर रहते थे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 September 2026, 4:21 PM IST

Budaun: बदायूं के कोतवाली दातागंज क्षेत्र के गांव केशवपुर कला गांव में एक बुजुर्ग ने संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। ग्रामीणों ने बुजुर्ग का शव गांव के बाहर जंगल में नदी के पास चंदनिया के पेड़ पर लटका देखा तो सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जंगल में पेड़ पर लटका मिला शव

मृतक की पहचान हाकिम सिंह (60) पुत्र तीथ निवासी केशवपुर कला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हाकिम सिंह ने गांव के बाहर जंगल में नदी के किनारे लगे चंदनिया के पेड़ पर फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जब ग्रामीण जंगल की तरफ गए तो शव को पेड़ पर लटका देखकर दंग रह गए। तुरंत इसकी सूचना परिजनों और कोतवाली दातागंज पुलिस को दी गई।

ये भी पढ़ें- कल दोपहर 12 बजे खुलेंगे कई राज! दवा कारोबारी हत्याकांड में बहू शालू की कस्टडी रिमांड मंजूर, आमने-सामने होगी पूछताछ

अविवाहित था मृतक

परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार मृतक हाकिम सिंह अविवाहित था। उसकी शादी नहीं हुई थी। गांव में उसके नाम न तो कोई जमीन है और न ही अपना मकान है। वह ज्यादातर अपनी बहन के पास जिला बरेली के फरीदपुर क्षेत्र के गांव कपूर में जाकर रहता था। कभी-कभी वह अपने गांव केशवपुर कला भी आ जाता था। बताया जा रहा है कि अकेलेपन और आर्थिक तंगी के चलते वह अक्सर परेशान रहता था। हालांकि आत्महत्या के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।

ये भी पढ़ें- शादी से इनकार या कोई और राज? छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद प्रेमी समेत 3 पर केस, VIDEO बयान बना अहम सबूत

पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम

सूचना मिलते ही कोतवाली दातागंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मंगलवार को ही पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों से पूछताछ के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। बुजुर्ग की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।

Location :  Budaun

Published :  22 September 2026, 4:21 PM IST