Budaun Crime: बदायूं में बदमाशों ने परिवार को बनाया बंधक, 19 लाख की डकैती

बदायूं के इस्लामनगर में बदमाशों ने किसान निजाकत के घर में घुसकर दो घंटे तक लूटपाट और आतंक मचाया। विरोध करने पर महिलाओं सहित परिवार के लोगों को पीटा गया। करीब 19 लाख रुपये का माल लूट लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 May 2026, 3:31 PM IST

Budaun: बदायूं जिले के इस्लामनगर कस्बे में मंगलवार देर रात एक बड़ी डकैती की वारदात सामने आई, जहां बेखौफ बदमाशों ने किसान निजाकत के घर में धावा बोलकर करीब दो घंटे तक आतंक मचाया। इस दौरान विरोध करने पर परिवार के सदस्यों, खासकर महिलाओं के साथ मारपीट की गई और करीब 19 लाख रुपये के सामान की लूट कर ली गई।

कच्छा-बनियान गिरोह पर शक

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि वारदात को कच्छा-बनियान गिरोह ने अंजाम दिया हो सकता है। इस घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस मौके पर देर से पहुंची।

घर में घुसकर परिवार को बनाया बंधक

जानकारी के मुताबिक, सात हथियारबंद बदमाश किसान निजाकत के घर में घुसे और परिवार को बंधक बना लिया। उस समय घर में महिलाओं की संख्या अधिक थी क्योंकि परिवार के पुरुष सदस्य बाहर नौकरी करते हैं। बदमाशों ने सभी को धमकाकर कमरे में बंद कर दिया और लूटपाट शुरू कर दी।

महिलाओं और परिजनों के साथ मारपीट

बदमाशों ने विरोध करने पर महिलाओं सहित छह लोगों को तमंचे की बट और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इस दौरान घर में मौजूद फिजा और अन्य महिलाओं को भी हमले का सामना करना पड़ा। बदमाशों ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घर का कोना-कोना खंगाला, 19 लाख का माल लूटा

आरोपियों ने बक्से, बेड, दीवान और अलमारियां तोड़कर घर का पूरा सामान खंगाल दिया। करीब 19 लाख रुपये का माल लूटकर बदमाश फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने परिवार को पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

यूपी में कई सीनियर आईपीएस अफसरों के तबादले, कई को नई जिम्मेदारी; देखिये सूची

खाना खाने से इनकार, फ्रिज से पानी पीकर रहे आराम से

पीड़ितों के अनुसार, बदमाशों ने घर में खाना भी मांगा, लेकिन गोश्त बना होने की बात सुनकर उन्होंने खाने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने फ्रिज खोलकर पानी पिया और पूरे घर में आराम से घूमते रहे।

पुलिस जांच में जुटी, कई टीमें गठित

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एसएसपी अंकिता शर्मा ने कई टीमों को जांच में लगाया है। सर्विलांस, एसओजी और थाना पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह का खुलासा कर गिरफ्तारी की जाएगी।

फतेहपुर में हीटवेव के बीच नगर पालिका का राहत अभियान, सड़कों पर छिड़काव और ठंडे पानी की व्यवस्था!

ग्रामीणों में आक्रोश, गश्त बढ़ाने की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि पुलिस समय पर पहुंच जाती तो बदमाशों को पकड़ा जा सकता था। ग्रामीणों ने इलाके में रात की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Location :  Budaun

Published :  21 May 2026, 3:31 PM IST