
प्रतिकात्मक फोटो (Google Image)
Amroha: अमरोहा की शांत गलियों में एक बार फिर ऐसा खेल खेला गया, जिसने लोगों को दहला कर रख दिया। एक तरफ घर में शादी की खुशियां थीं, ढोल-नगाड़ों की तैयारी थी, तो दूसरी तरफ उसी घर के भीतर चुपचाप रची जा रही थी एक खतरनाक साजिश। खाना बना, सबने साथ बैठकर खाया… और फिर एक-एक कर पूरा परिवार बेहोशी में डूबता चला गया। जब होश आया, तो घर की बेटी गायब थी। यह पूरा मामला सुनकर हर किसी के रोंगटे खड़े हो गए, क्योंकि इसकी गूंज कहीं न कहीं उस खौफनाक बावनखेड़ी शबनम कांड की याद दिलाती है।
यह सनसनीखेज घटना अमरोहा जिले के अमरोहा देहात थाना क्षेत्र के एक गांव की है। यहां एक किसान के घर में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। परिवार बेहद खुश था, क्योंकि उनकी बेटी की शादी तय हो चुकी थी और 5 अप्रैल को बारात आनी थी। लेकिन इसी बीच एक ऐसी घटना घटी, जिसने पूरे परिवार की जिंदगी को हिलाकर रख दिया। आरोप है कि युवती ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही परिवार को बेहोश कर दिया और उसके साथ फरार हो गई।
परिवार के मुताबिक 29 मार्च की रात करीब 8 बजे गांव के ही रहने वाले रिजवान और उसका दोस्त जुनैद घर पहुंचे। दोनों पहले से ही युवती के संपर्क में थे। आरोप है कि इन लोगों ने योजना के तहत खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। घर के सभी लोगों ने जब खाना खाया, तो कुछ ही देर में एक-एक कर सभी की हालत बिगड़ने लगी। देखते ही देखते पूरा परिवार बेहोश हो गया। घर में सन्नाटा पसर गया और किसी को कुछ समझ नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है।
रात भर घर में कोई हलचल नहीं हुई तो पड़ोसियों को शक हुआ। जब वे अंदर पहुंचे, तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। परिवार के सभी सदस्य अचेत अवस्था में पड़े थे। आनन-फानन में ग्रामीणों ने सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत इलाज शुरू किया, जिससे धीरे-धीरे लोगों को होश आया।
जब परिवार के लोगों को होश आया, तो सबसे बड़ा झटका तब लगा जब उन्होंने अपनी बेटी को घर में नहीं पाया। पहले तो उन्हें लगा कि शायद कहीं आसपास होगी, लेकिन काफी तलाश के बाद सच्चाई सामने आई। परिजनों को पता चला कि युवती अपने प्रेमी रिजवान के साथ फरार हो गई है और इस पूरी साजिश में जुनैद ने भी उसकी मदद की। यह जानकर परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस घर में शादी की खुशियां थीं, वहां अब मातम का माहौल है।
इस घटना ने इलाके के लोगों को एक बार फिर बावनखेड़ी शबनम कांड की याद दिला दी है। उस मामले में भी इसी तरह परिवार को नशीला पदार्थ देकर मौत के घाट उतार दिया गया था। हालांकि इस बार किसी की जान नहीं गई, लेकिन वारदात का तरीका काफी हद तक वैसा ही होने के कारण लोगों में डर और दहशत फैल गई है।
Road Accident in Amroha: अमरोहा में घने कोहरे का कहर, 6 वाहनों की जोरदार भिड़ंत, कई घायल
मामले में पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। क्षेत्राधिकारी अवधभान भदोरिया ने बताया कि रिजवान और जुनैद के खिलाफ युवती को बहलाकर ले जाने और साजिश रचने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है और दोनों आरोपियों की तलाश तेजी से की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Location : Amroha
Published : 31 March 2026, 1:55 PM IST