कॉलेज जाने का झांसा… खेत में खामोश हुई मुस्कान, बदायूं की बेटी के टूटे सपने, क्या फॉरेंसिक सुराग खोलेंगे राज?

बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र में एक छात्रा का शव मक्के के खेत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 5 July 2026, 3:49 PM IST

Badaun: उत्तर प्रदेस के बदायूं जिले के बिल्सी थाना क्षेत्र के रामपुर टांडा गांव की रहने वाली छात्रा शिवानी रविवार को कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी। जब काफी समय तक वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी लेने के साथ उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। कुछ देर बाद गांव के बाहर स्थित एक मक्के के खेत में शिवानी का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। शव मिलने से पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

गले पर मिले निशान, हत्या का आरोप

परिजनों का आरोप है कि शिवानी की गला घोंटकर हत्या की गई है। उनका कहना है कि शव के गले पर दुपट्टा (चुन्नी) फंदे की तरह लिपटा हुआ था और गले पर निशान भी दिखाई दे रहे थे। परिवार का दावा है कि यह कोई हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।

Mainpuri: साहब, मेरी बेटी को फिर छीन ले गए दबंग… लाचार मां की चीख से कांपा SP दफ्तर

परिवार ने गांव के युवक पर लगाया आरोप

मृतका के परिवार ने पुलिस को दी गई शिकायत में गांव के ही एक युवक का नाम लिया है। उनका आरोप है कि युवक का शिवानी से प्रेम संबंध था और वह काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के चलते आरोपी ने उसकी हत्या कर दी। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

नेताजी, संगठन बदलिए… मैनपुरी में शिवपाल के सामने छलके कार्यकर्ता के आंसू, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना की सूचना मिलते ही बिल्सी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने परिवार की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। छात्रा की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

फॉरेंसिक टीम और CCTV फुटेज की जांच

पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना से जुड़े अहम सुराग मिल सकें। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गांव में आक्रोश, कार्रवाई की मांग

घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को जल्द न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Location :  Badaun

Published :  5 July 2026, 3:38 PM IST