
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Bijnor: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव अजुपुरा जट में 65 वर्षीय बीरो देवी की मौत को पहले गुलदार के हमले का मामला बताया गया था, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। वृद्धा की हत्या किसी जंगली जानवर ने नहीं, बल्कि उसके अपने बेटे बहाल सिंह उर्फ मनिया ने पांच लाख रुपये के मुआवजे के लालच में की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन बहाल सिंह पहले बिजनौर डीएफओ कार्यालय पहुंचा था। उसने खुद पर खरोंच के निशान दिखाकर गुलदार के हमले का दावा किया और मुआवजे के नियमों की जानकारी ली। अधिकारियों ने उसे बताया कि मौत की स्थिति में पांच लाख रुपये तक का मुआवजा मिलता है। इसके कुछ घंटों बाद उसने अपनी मां के साथ जंगल जाकर कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने डायल-112 और ग्रामीणों को सूचना दी कि उसकी मां पर गुलदार ने हमला कर दिया। उसने खुद को मां को बचाने की कोशिश करने वाला भी बताया। ग्रामीणों ने भी वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव उठाने का विरोध किया। बाद में प्रशासन ने मुआवजे का आश्वासन देकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि बीरो देवी की मौत गला दबाने से हुई थी, न कि किसी जंगली जानवर के हमले से। इसके बाद पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि मां से विवाद के बाद उसने आवेश में आकर वारदात को अंजाम दिया और मुआवजे के लालच में गुलदार की झूठी कहानी गढ़ दी।
बिजनौर में यह पहला मामला नहीं है, जब अपराध छिपाने के लिए गुलदार के हमले का सहारा लिया गया हो। पिछले एक वर्ष में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जिनमें हत्या या गुमशुदगी को जंगली जानवर के हमले का रूप देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस जांच में सच्चाई सामने आ गई।
घटना के खुलासे के बाद पूरे गांव में हैरानी का माहौल है। आरोपी की पत्नी का कहना है कि उसे विश्वास नहीं हो रहा कि उसके पति ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
Location : Bijnor
Published : 23 July 2026, 11:51 AM IST
Topics : Bijnor News crime news up crime