हिंदी
UNSC में भारत का गूंजा कड़ा संदेश (Img- X)
New Delhi: अंतरराष्ट्रीय मंचों पर बार-बार मुंह की खाने के बाद भी अपनी हरकतों से बाज न आने वाले पाकिस्तान को भारत ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में करारा सबक सिखाया है। भारत ने सख्त शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा है कि पाकिस्तान दुनिया के सामने झूठा रोना रोने के बजाय पहले अपना घर संभाले और अपने देश की आंतरिक हालत सुधारे।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पर्वथानेनी हरीश ने सुरक्षा परिषद की एक विशेष बैठक के दौरान पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को भारत की तरफ उंगली उठाने से पहले खुद के गिरेबान में झांकना चाहिए। पाकिस्तान के पास अपनी जनता को देने के लिए कुछ नहीं है, इसलिए वह वैश्विक मंचों का इस्तेमाल सिर्फ झूठा नैरेटिव (प्रचार) फैलाने के लिए कर रहा है।
पाकिस्तान द्वारा फिर से कश्मीर का राग अलापने पर भारतीय राजदूत ने दो टूक शब्दों में सच्चाई सामने रखी। उन्होंने कहा, "जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अटूट हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। यह एक ऐसा कानूनी और संवैधानिक सच है जिसे बदला नहीं जा सकता।"
भारत ने साफ किया कि जम्मू-कश्मीर को लेकर असल मुद्दा सिर्फ इतना है कि पाकिस्तान ने भारत की वैध जमीन पर गैर-कानूनी तरीके से कब्जा कर रखा है, जिसे उसे खाली करना होगा।
सिंधु जल समझौते पर पाकिस्तान की बयानबाजी का जवाब देते हुए राजदूत हरीश ने भारत का पक्ष पूरी तरह साफ किया। उन्होंने कहा कि जब सीमा पार आतंकवाद को एक नीति की तरह इस्तेमाल किया जा रहा हो, तब भरोसे की उम्मीद नहीं की जा सकती। भारत ने फिर दोहराया कि आतंकवाद और किसी भी तरह का सहयोग या बातचीत कभी भी एक साथ नहीं चल सकते।
Location : New Delhi
Published : 23 July 2026, 10:55 AM IST
Topics : Global News India At UN India Slams Pakistan UNSC