
बगहा में लापता छात्र की मौत का सस्पेंस (Img: Dynamite News)
West Champaran: बिहार के पश्चिमी चंपारण जिला अंतर्गत बगहा नगर परिषद के वार्ड-26 स्थित दूबे टोला से 17 दिन पहले लापता हुए 11 वर्षीय छात्र गौतम कुमार का शव बुधवार शाम गंडक नदी के रतनमाला घाट से बरामद हुआ। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने बच्चे की हत्या कर शव नदी में फेंके जाने की आशंका जताई है।
वहीं, पुलिस पोस्टमार्टम और विसरा जांच की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। गौतम कुमार तुलसी तुरहा का इकलौता पुत्र था और सिटी मॉन्टेसरी पब्लिक स्कूल में तीसरी कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार, वह दो अगस्त की सुबह पड़ोसी शिवम गुप्ता के घर गया था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। छात्र के लापता होने के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ता गया था।
बुधवार शाम रतनमाला घाट के पास गंडक नदी किनारे शव मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों ने शव की पहचान गौतम कुमार के रूप में की। गौतम के लापता होने के बाद चार अगस्त को उसकी बरामदगी की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने मुख्य सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था।
ये भी पढ़ें - West Champaran: कहां है गौतम? कैंडल मार्च में उमड़ा जनसैलाब, परिवार ने उठाई बड़ी मांग
अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाम हटाया गया और आवागमन सामान्य कराया गया। इस दौरान कई नेताओं ने भी परिवार से मुलाकात कर बच्चे की तलाश में सहयोग का भरोसा दिया था।
गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच तीन चिकित्सकों की मेडिकल टीम ने शव का पोस्टमार्टम किया। टीम में डॉ. एके तिवारी, डॉ. एसपी अग्रवाल और डॉ. चंदन कुमार शामिल थे। पोस्टमार्टम के दौरान आवश्यक नमूने सुरक्षित किए गए हैं। इन्हें आगे की जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस ने विसरा भी सुरक्षित रख लिया है।
थानाध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही गौतम की मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि बच्चे की मौत नदी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। परिजन लगातार हत्या कर शव नदी में फेंके जाने का आरोप लगा रहे हैं।
ये भी पढ़ें - West Champaran: बुजुर्ग पर हमला करने वाला बाघ कुछ घंटों बाद मिला मृत, मौत की वजह जानने में जुटा वन विभाग
हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। अब पोस्टमार्टम और विसरा जांच की रिपोर्ट से ही मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। गौतम अपने परिवार का इकलौता बेटा था। 17 दिन तक उसकी तलाश के बाद शव मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अब पूरे मामले में पुलिस की जांच और मेडिकल रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हैं।
Location : West Champaran
Published : 20 August 2026, 3:42 PM IST
Topics : Bagaha bihar bihar police crime news West Champaran News