
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Aurangabad: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद हैरान करने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ गोह थाना क्षेत्र के दरधा गांव में एक पुरानी रंजिश और सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। बातचीत और समझौते के लिए बैठी पंचायत के दौरान दोनों पक्षों में बात इतनी बिगड़ गई कि लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया गया। इस हिंसक झड़प में एक पक्ष से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा विवाद दरधा गांव के रहने वाले बसीर शाह और गांव के ही रिजवान की बेटी के बीच के दो साल पुराने प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे समय तक अफेयर था। हालांकि, बाद में परिवार की सहमति से लड़की की शादी किसी दूसरे लड़के से कर दी गई और वह अपने ससुराल चली गई। लड़की की शादी होने के बाद भी प्रेमी बसीर शाह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। वह लगातार लड़की की पुरानी तस्वीरों को अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक अकाउंट पर स्टेटस के रूप में लगा रहा था।
शादीशुदा बेटी की तस्वीरें लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट होने से लड़की पक्ष के लोग बेहद नाराज थे। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले भी कई बार बातचीत और समझौता कराने की कोशिश की गई थी, लेकिन बसीर शाह मानने को तैयार नहीं था। बुधवार को एक बार फिर इसी विवाद को हमेशा के लिए सुलझाने के उद्देश्य से गांव के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच पंचायत बुलाई गई थी। लेकिन समझौते के दौरान ही दोनों तरफ से बहस शुरू हो गई। तू-तू-मैं-मैं से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते गाली-गलौज और फिर लाठी-डंडों के खूनी खेल में बदल गया।
बिहार में सनसनी: मक्के के खेत में खून से लथपथ मिला शव, रूह कंपा देगी कत्ल की यह खौफनाक कहानी
इस मारपीट की घटना का एक बेहद चौंकाने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों से बेरहमी से हमला कर रहे हैं। इस हिंसक वारदात में हकीम शाह, बसीर साह, मोकिम साह, शयरुन खातून, रवीना खातून और हुस्ना खातून गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोह में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
इस खूनी झड़प के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। गोह थाना के थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि पीड़ितों की तरफ से पुलिस को लिखित आवेदन प्राप्त हो चुका है। पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही हमले में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
Location : Aurangabad
Published : 1 July 2026, 3:33 PM IST