पत्नी का था किसी और से शारीरिक संबंध, जब पति को पता चला ये राज तो प्रेमी ने पिला दिया तेजाब; बरेली की दिल दहला देने वाली घटना

बरेली के बारादरी क्षेत्र में युवक इसराइल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी समेत चार लोगों पर जबरन तेजाब पिलाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ केस दर्ज कर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। मामले की जांच जारी है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 9 August 2026, 12:42 PM IST

Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतक के परिवार ने उसकी पत्नी, उसके कथित प्रेमी समेत चार लोगों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि पत्नी के कथित प्रेम संबंध का विरोध करने के बाद युवक को पकड़कर जबरन तेजाब पिलाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद बढ़ा विवाद

मामला बारादरी थाना क्षेत्र के जोगी नवादा का है। मृतक की पहचान इसराइल पुत्र सुफा के रूप में हुई है। वह कबाड़ का काम करता था और उसकी शादी गौसिया से हुई थी। दंपती का एक बेटा भी है।

मृतक के भाई मोहम्मद ताजिम के मुताबिक, करीब ढाई साल पहले इसराइल ने पत्नी के कहने पर घर का हिस्सा बेच दिया था। इसके बाद वह काकर टोला में किराए के मकान में रहने लगा। आरोप है कि इसी दौरान गौसिया और मकान मालिक मोहम्मद सलीम के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए।

परिवार का दावा है कि बाद में इसराइल को इस संबंध की जानकारी हुई, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।

27 जुलाई को देखने का लगाया आरोप

परिजनों के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को इसराइल ने अपनी पत्नी को मोहम्मद सलीम के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। उसने इसका विरोध किया और कुछ समय बाद मकान छोड़कर काकर टोला में ही अब्दुल के घर किराए पर रहने लगा। परिवार का आरोप है कि इसके बावजूद सलीम का गौसिया से मिलना-जुलना जारी रहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ता गया।

महुली हादसे में अपनों को खोने का दर्द: पीड़ित परिजनों से मिले अजय राय, कहा- ‘सिर्फ मुआवजा काफी नहीं, तय हो अफसरों की जवाबदेही’

7 अगस्त की रात तेजाब पिलाने का आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि 7 अगस्त की रात गौसिया, मोहम्मद सलीम, असार और इकरार ने मिलकर इसराइल को पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद उसके मुंह में जबरन तेजाब डाल दिया गया। तेजाब पीने के बाद इसराइल की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे स्टेडियम रोड स्थित खुश्लोक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मां ने भी लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां बरीशा ने आरोप लगाया कि इसराइल करीब 13 साल से शादीशुदा था और कबाड़ की फेरी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करता था। उनका दावा है कि बेटे ने पत्नी और सलीम के कथित संबंधों का विरोध किया था, जिसके बाद उसके साथ यह घटना हुई। इसराइल की मौत की खबर मिलने के बाद अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।

Deoria: स्क्रीन पर टिकी नजरें और छूट गया जिंदगी का साथ; देवरिया में गहरे कुएं में समाया व्यक्ति, 4 घंटे चला रेस्क्यू

चार लोगों पर केस दर्ज

मृतक के भाई की तहरीर पर बारादरी थाने में पत्नी गौसिया, मोहम्मद सलीम, असार और इकरार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल मृतक के परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि युवक की मौत की वास्तविक वजह क्या थी और घटना में किसकी भूमिका रही।

Location :  Bareilly

Published :  9 August 2026, 12:42 PM IST