
रोडवेज बस ट्रक में घुसते ही मच गया कोहराम (Img: Dynamite News)
Bareilly: बरेली-लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे रोडवेज विभाग को झकझोर दिया। तिलहर क्षेत्र के धनेली पल्तू गांव के पास रोहिलखंड डिपो की बस आगे चल रहे ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक प्रमोद (30) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार रात करीब 1:40 बजे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे चल रही रोडवेज बस नियंत्रण खो बैठी और सीधे ट्रक में घुस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्री घबराकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे।
हादसे के बाद सिर्फ ट्रक चालक ही नहीं, बल्कि रोडवेज की कार्यप्रणाली भी सवालों के घेरे में आ गई है। संविदा कर्मचारियों का आरोप है कि लंबी दूरी की बस में केवल एक चालक की तैनाती नियमों के खिलाफ है, जिससे लगातार ड्राइविंग के कारण थकान और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।
चालक प्रमोद की मौत की खबर जैसे ही बरेली पहुंची, रोडवेज संविदा कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार सुबह से ही चालक और परिचालक काम पर नहीं पहुंचे, जिसके चलते रोडवेज बसों का संचालन पूरी तरह ठप हो गया। बस अड्डों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गईं और लोग परेशान होते रहे।
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने साफ कहा कि जब तक लंबे रूटों पर दो चालकों की तैनाती और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाएगा, तब तक बस संचालन शुरू नहीं होगा। उनका कहना है कि यह हादसा विभागीय लापरवाही का नतीजा है, जिसे अब नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
रोहिलखंड डिपो के अधिकारियों ने यूनियन प्रतिनिधियों से बातचीत शुरू कर दी है ताकि बस सेवाएं बहाल की जा सकें। वहीं पुलिस ने भी हादसे की जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक की भूमिका, बस की रफ्तार और चालक की ड्यूटी अवधि समेत कई पहलुओं की जांच की जा रही है।
Location : Bareilly
Published : 11 June 2026, 4:16 PM IST