भूलकर भी न छोड़ें बच्चों को घर के बाहर अकेला! बांदा से आई वो रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर, जानिए हादसे की खौफनाक स्टोरी

बांदा के चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा गांव में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से 3 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। चालक फरार है, पुलिस जांच में जुटी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 July 2026, 3:31 PM IST

Banda: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। चिल्ला थाना क्षेत्र के पलरा गांव में सुबह घर के बाहर खड़े 3 वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

घर के बाहर खेल रहा था मासूम

जानकारी के अनुसार, पलरा गांव निवासी रमेश वर्मा का तीन वर्षीय बेटा नितिन शनिवार सुबह करीब छह बजे घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान बांदा से चिल्ला की ओर जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम की मौके पर ही मौत हो गई।

Banda Horror: बांदा पुलिस थाने में ऑनर किलिंग की सनसनीखेज घटना, काउंसलिंग के दौरान ही बेटी की हत्या

ग्रामीणों ने दौड़ाकर रोका ट्रैक्टर

हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैक्टर का पीछा कर उसे रोक लिया, लेकिन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष चिल्ला आनंद साहू, थानाध्यक्ष पैलानी राममोहन राय, सीओ सदर सौरभ सिंह और तहसीलदार पैलानी राधेश्याम सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

पिता बोले- गांव में यह चौथा हादसा

मृतक के पिता रमेश वर्मा ने बताया कि यह गांव में ऐसा चौथा हादसा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार प्रशासन से सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि हादसे वाली जगह के पास विद्युत पावर हाउस और स्कूल भी है, जहां से रोज बड़ी संख्या में बच्चे गुजरते हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

घटना के बाद मृतक के पिता की तहरीर पर चिल्ला थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Location :  Banda

Published :  5 July 2026, 3:31 PM IST