ना मायके ने अपनाया, ना ससुराल में मिली जगह: बलरामपुर में दो बच्चों संग दर-दर भटकने को मजबूर बेबस मां

बलरामपुर में दो मासूम बच्चों की मां रुखसार खान को उनके ही घर से बेघर कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के कड़े निर्देश पर पुलिस ने आरोपी पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 21 July 2026, 6:24 PM IST

Balrampur: बलरामपुर नगर कोतवाली क्षेत्र की निवासी एक महिला द्वारा अपने ससुराल वालों पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न और बेघर करने का संगीन आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के कड़े निर्देश पर नगर कोतवाली व महिला थाने की पुलिस ने संबंधित धाराओं में आपराधिक मामला दर्ज कर गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।

अपनी पसंद से की थी शादी

​पीड़िता के अनुसार, उन्होंने शुभम सोनी के साथ अपनी पसंद से अंतर्जातीय विवाह किया था और दोनों के दो छोटे मासूम बच्चे भी हैं। आरोप है कि शादी के कुछ समय बीतने के बाद से ही घर में गृहकलेश और विवाद की स्थिति उत्पन्न होने लगी। जब भी उन्होंने इस अनुचित व्यवहार का विरोध किया, तो उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की गई। लगातार मानसिक, शारीरिक और आर्थिक उत्पीड़न सहने के बाद एक दिन विवाद बढ़ने पर पीड़िता को उनके दोनों बच्चों समेत बलपूर्वक घर से निष्कासित कर दिया गया।

ये भी पढ़ें - Balrampur: अवध के अवधेश के स्वागत में सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, जानिए भाजपा की इस बड़ी लामबंदी के सियासी मायने

आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज

​मायके पक्ष से सहयोग न मिल पाने के कारण पीड़िता इस समय किराए के मकान में शरण लेकर अपने बच्चों का पालन-पोषण करने को विवश हैं। सुरक्षा को लेकर गहराते खतरे को देखते हुए उन्होंने उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई थी। महिला थाना प्रभारी पूनम यादव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस निष्पक्षता से हर पहलू की जांच कर रही है और संकलित साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी

ये भी पढ़ें - Balrampur News: एडमिशन के सफर को आसान बनाने के लिए आगे आई ABVP, MLK कॉलेज के गेट पर खुली स्पेशल Help Desk

Location :  Balrampur

Published :  21 July 2026, 6:23 PM IST