
पुलिस ने मुख्य आरोपी को किया गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Balrampur: कहते हैं जब इंसान की उम्मीदें टूटती हैं तो वह बिखर जाता है, लेकिन जब भरोसा और गाढ़ी कमाई एक साथ डूबती है तो तबाही का ऐसा खौफनाक मंजर सामने आता है जो पूरे प्रदेश की रूह कंपा देता है। जनपद के कोतवाली देहात क्षेत्र में पैसों के लेनदेन को लेकर उजड़े एक हंसते-खेलते परिवार की दर्दनाक दास्तान का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है।
दरअसल, उधार दिए 29 लाख रुपये वापस न मिलने के गम और मानसिक प्रताड़ना में आकर बजरंगी गिरी नाम के शख्स ने अपनी 25 वर्षीया पत्नी कोमल, 3 साल की मासूम बेटी श्रद्धा और महज 1 साल के दूधमुंहे बेटे जयदीप को गोलियों से भूनने के बाद खुद को भी मौत के घाट उतार दिया था। इस दिल दहला देने वाले चौहरे हत्याकांड और खुदकुशी के मामले में पुलिस ने मुख्य कसूरवार को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
ये भी पढ़ें- रात की राइड, अश्लील वीडियो और फिर: दिल्ली में रैपिडो चालक की करतूत ने सबको हिलाया
यह जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इस खौफनाक वारदात के बाद जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो मृतक बजरंगी गिरी के फोन से एक बेहद संवेदनशील वीडियो मिला। अपनी जिंदगी का अंतिम फैसला लेने से पहले बनाए गए इस वीडियो में बजरंगी ने अपने दर्द को बयां किया था। उसने बताया था कि उसने अपने मित्र चंद्रभान गिरी उर्फ दद्दन गिरी को व्यापार और मदद के नाम पर 29 लाख रुपये दिए थे।
जब भी वह अपने पैसे मांगता, आरोपी टालमटोल करता और रकम लौटाने से साफ मुकर जाता। इसी वादाखिलाफी और भारी आर्थिक तंगी के कारण बजरंगी इस कदर अवसाद में चला गया कि उसने अपने पूरे परिवार को खत्म कर खुद भी जिंदगी खत्म कर ली।
ये भी पढ़ें- सावन की पहली सोमवारी बनी आखिरी यात्रा… बाबा के दर्शन के बाद घर नहीं लौट सके श्रद्धालु, आखिर ऐसा क्या हुआ?
सामूहिक हत्याकांड और खुदकुशी की इस गूंज से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने इस सनसनीखेज मामले के आरोपी चंद्रभान गिरी की तलाश में दिन-रात एक कर दिया। आखिरकार सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए आरोपी को कोडरी घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना गुनाह कुबूल करते हुए माना कि उसने व्यापार में पैसे गंवा दिए थे और बार-बार मांगने पर भी वह रकम लौटा नहीं पा रहा था।
Location : Balrampur
Published : 3 August 2026, 3:23 PM IST