
कोडिन कफ सिरप के अवैध कारोबार में दो आरोपी गिरफ्तार (Img: Dynamite News)
Balrampur: बलरामपुर जिले में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार और सिरप के फर्जीवाड़े के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान को बड़ी सफलता मिली है। तुलसीपुर इलाके में कोडिन युक्त कफ सिरप के अवैध भंडारण और बिना बिल बिक्री का खेल रचने वाले दो मुख्य आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पकड़े गए दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहे थे और उनके खिलाफ कोर्ट से वारंट भी जारी हो चुका था।
पूरा मामला औषधि निरीक्षक की जांच के बाद सामने आया था, जिसमें पाया गया था कि मेडिकल लाइसेंस की आड़ में कोडिन कफ सिरप का अवैध धंधा चलाया जा रहा था। बिक्री का कोई हिसाब-किताब नहीं दिया जा रहा था और लाइसेंस का जमकर दुरुपयोग हो रहा था। जब पुलिस ने गहराई से मामले की पड़ताल की तो इस पूरे नेटवर्क में दो नाम मुख्य रूप से सामने आए।
पकड़े गए आरोपियों में ओड़ाझार कलां निवासी चन्द्रमोहन गुप्ता और रमवापुर लक्ष्मनपुर निवासी नियाज अहमद शामिल हैं। दोनों शातिर आरोपी काफी समय से पुलिस को छका रहे थे और अपनी पहचान छिपाकर छिपे हुए थे। अदालत की ओर से सख्त रुख अपनाए जाने और सख्त निर्देश जारी होने के बाद पुलिस ने इनकी तलाश में जाल बिछाया।
Balrampur: तुलसीपुर की सियासत में आया नया मोड़, भानू तिवारी की एंट्री से किसका बिगड़ेगा खेल?
तुलसीपुर पुलिस की टीम ने सटीक सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी चन्द्रमोहन को ओड़ाझार कलां के पास से दबोचा, जबकि दूसरे आरोपी नियाज अहमद को कलश चौराहे से धर दबोचा। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अदालत में पेश कर दिया है। नशीली दवाओं के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तारों की भी जांच की जा रही है।
Location : Balrampur
Published : 13 August 2026, 7:31 PM IST