एक टूटे तार ने उजाड़ दिया पूरा परिवार! पिता-बेटे की मौत पर फूटा गुस्सा, सड़क पर बैठीं विधायक केतकी सिंह

बलिया में हाईटेंशन बिजली के टूटे तार ने कुछ ही पलों में एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी। बेटे को बचाने दौड़े पिता भी करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा और विधायक केतकी सिंह भी धरने पर बैठ गईं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 July 2026, 8:55 PM IST

Ballia: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शाहपुर (सहपुरवा) गांव में गुरुवार सुबह एक ऐसा हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया। खेत की ओर जा रहे 58 वर्षीय जनार्दन यादव और उनके 24 वर्षीय इकलौते बेटे राजेश यादव की हाईटेंशन बिजली के टूटे तार की चपेट में आने से मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सुबह खेत जाते समय रास्ते में 11 हजार वोल्ट का बिजली का तार टूटा पड़ा था। जैसे ही राजेश यादव उसकी चपेट में आए, वह करंट से तड़पने लगे। बेटे को बचाने के लिए पिता जनार्दन यादव बिना अपनी जान की परवाह किए दौड़ पड़े, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गए। कुछ ही पलों में दोनों ने मौके पर दम तोड़ दिया।

गांव में पसरा मातम

घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण बांसडीह-बलिया मुख्य मार्ग पर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक केतकी सिंह भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गईं। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और बिजली विभाग के अफसरों को तत्काल मौके पर बुलाने की मांग की।

ये भी पढ़ें- एक फर्जी इनवॉइस ने डुबो दिए 14 लाख! बलरामपुर के कारोबारी के साथ हुई बड़ी साइबर ठगी, अब शुरू हुई जांच

बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद बिजली उपकेंद्र टकरसन में फोन कर सप्लाई बंद करने की गुहार लगाई गई थी, ताकि दोनों को सुरक्षित निकाला जा सके। आरोप है कि बिजली आपूर्ति तुरंत बंद करने के बजाय पहले घटनास्थल का वीडियो व्हाट्सएप पर भेजने की बात कही गई। इसी दौरान कीमती समय निकल गया और दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी। इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

यह हादसा परिवार के लिए असहनीय साबित हुआ। राजेश यादव हाल ही में पुलिस उपनिरीक्षक (SI) भर्ती परीक्षा पास कर चुके थे और परिवार को उनसे काफी उम्मीदें थीं। उनकी मां का पहले ही निधन हो चुका था। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन सीमा यादव अब घर में अकेली रह गई हैं। एक ही हादसे में पिता और इकलौते भाई को खोने से परिवार पूरी तरह बिखर गया। गांव में हर किसी की जुबान पर इस घटना की चर्चा है।

ये भी पढ़ें- कमरे में मिला एक कागज… और खुल गया कत्ल का राज, जिस पर सबसे ज्यादा भरोसा किया वही निकला कातिल

विधायक ने की कार्रवाई की मांग

धरना स्थल पर एसडीएम, सीओ, तहसीलदार और बिजली विभाग के अधिकारी पहुंचे। विधायक केतकी सिंह ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा से भी फोन पर बात कर पूरे मामले की जानकारी दी।

प्रशासन ने पीड़ित परिवार की बेटी को नौकरी दिलाने के प्रयास, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और गांव में जर्जर बिजली लाइनों की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना समाप्त हुआ। वहीं, बांसडीह रोड पुलिस ने सीमा यादव की तहरीर पर विद्युत उपकेंद्र टकरसन के एसएसओ, संबंधित जेई और अन्य अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अब पूरे मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Ballia

Published :  23 July 2026, 8:55 PM IST