हिंदी
अचानक बिगड़ा कार का संतुलन (Source: Pinterest )
Baghpat: हरियाणा के मुरथल में जन्मदिन मनाकर लौट रहे छह दोस्तों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी कार दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बागपत के ट्योढ़ी गांव के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में लोनी निवासी इरशाद (27) और रिहान (24) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक इरशाद का जन्मदिन मनाने के लिए सभी दोस्त मुरथल गए थे। गुरुवार तड़के करीब चार बजे लौटते समय कार के सामने अचानक एक वाहन आ गया। उसे बचाने के प्रयास में कार अनियंत्रित हो गई। इसी दौरान कार का टायर पंचर हो गया और वह सड़क किनारे खड़ी पिकअप से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में जान गंवाने वाले इरशाद और रिहान बचपन से दोस्त थे। दोनों की दोस्ती करीब 15 साल पुरानी थी। उनके परिवारों के बीच भी गहरा रिश्ता था और दोनों हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथ खड़े रहते थे। परिजनों का कहना है कि दोनों दोस्त जिंदगी की तरह आखिरी सफर में भी साथ रहे।
इरशाद की कहानी हर किसी की आंखें नम कर रही है। कई वर्षों तक संतान न होने पर अनीसा और उनके पति शमशाद ने करीब एक वर्ष की उम्र में इरशाद को गोद लिया था। दो साल पहले शमशाद का बीमारी से निधन हो गया। इसके बाद इरशाद ही मां का इकलौता सहारा था और परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाल रहा था।
Haldwani: मां ढूंढती रही लापता बेटी, पुलिस ने खंगाले CCTV कैमरे, फिर जांच में सामने आई घिनौनी वारदात
सुबह पुलिस का फोन आने पर परिजनों को पहले हादसे की जानकारी दी गई। उन्हें उम्मीद थी कि दोनों घायल होंगे, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर मौत की खबर मिली। यह सुनते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। अनीसा अपने इकलौते बेटे को खोने के बाद बदहवास हैं। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Location : Baghpat
Published : 31 July 2026, 11:08 AM IST
Topics : Baghpat Accident Loni News Road Accident