एक महीने पहले मां की मौत, अब ट्रैक्टर-ट्रॉली ने छीनी 6 साल के मासूम की जिंदगी; बदायूं में दर्दनाक हादसे से मातम

बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से छह वर्षीय मोहम्मद शहीद की मौत हो गई। एक महीने पहले ही उसकी मां का निधन हुआ था। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 18 July 2026, 11:43 AM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं जिले के कादरचौक थाना क्षेत्र के बेहटा डम्बर नगर गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। छह वर्षीय मोहम्मद शहीद दुकान से परचूनी का सामान लेकर घर लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

एक महीने पहले ही मां को खो चुका था मासूम

इस हादसे ने परिवार के दुख को और गहरा कर दिया। परिजनों के अनुसार, शहीद की मां का करीब एक माह पहले बीमारी के कारण निधन हो गया था। अब बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। बच्चे के पिता मोहम्मद खालिद दिल्ली में मजदूरी करते हैं। हादसे की सूचना मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए। परिवार में दो बेटियां और पांच बेटे हैं, जिनमें शहीद सबसे छोटा था।

ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। चालक की पहचान राजेंद्र निवासी बादुल्ला गंज के रूप में हुई है। लोगों ने उसे ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित पुलिस के हवाले कर दिया।

13 दिन की कैद, फिर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप… पीड़िता की आपबीती ने सभी को झकझोरा

पुलिस ने ट्रैक्टर सीज कर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही कादरचौक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।

महराजगंज में पनीर की दुकान पर फूड विभाग का बड़ा छापा! सैंपल सीज, लाइसेंस न मिलने पर शुरू हुई कार्रवाई

गांव में पसरा मातम, ग्रामीणों ने उठाई मांग

मासूम की मौत के बाद पूरे बेहटा डम्बर नगर गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव की सड़क पर स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं और तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Location :  Badaun

Published :  18 July 2026, 11:43 AM IST

Advertisement