Budaun: गंगा एक्सप्रेसवे पर दिखा खौफनाक सड़क हादसे का मंजर, पलक झपके ही डबल डेकर बस पलटी, 19 यात्री घायल

बदायूं में गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के दिल्ली से कानपुर जा रही डबल डेकर बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। पुलिस के अनुसार चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। बस में करीब 65 यात्री सवार थे। हादसे में 19 लोग घायल हुए, जबकि एक गंभीर यात्री को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 11 September 2026, 11:27 AM IST

Budaun: गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के दिल्ली से कानपुर जा रही डबल डेकर बस हादसे का शिकार हो गई। पिलर नंबर 177.2 के पास करीब 3:50 बजे चालक को अचानक झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में 19 यात्री घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल एक यात्री को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

झपकी आते ही अनियंत्रित हुई बस

पुलिस के अनुसार बस दिल्ली से कानपुर जा रही थी। कानपुर निवासी चालक अंकित के मुताबिक, अचानक झपकी आने के कारण बस पर नियंत्रण नहीं रहा। इसके बाद बस गंगा एक्सप्रेसवे के डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के समय बस में करीब 65 यात्री सवार थे।

19 यात्री हुए घायल

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी वजीरगंज और जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों में एक यात्री रिषभ गुप्ता की हालत गंभीर बताई गई, जिसे जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

दोस्तों के साथ गया था मनीष, लौटकर आया सिर्फ सीने पर चाकू का जख्म! इकलौते बेटे की मौत पर चीख-चीखकर बेसुध हुए माता-पिता

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे से हटाई गई बस

पुलिस ने हादसे के बाद क्रेन की मदद से डबल डेकर बस को एक्सप्रेसवे से हटवाया। बस को फिलहाल रेस्ट एरिया में खड़ा कराया गया है। पुलिस हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

BRICS Summit 2026: 7 साल बाद नई दिल्ली आ रहे चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping, 67 सदस्यीय दल और ‘राइट हैंड’ होंगे साथ

ये लोग हुए घायल

हादसे में कानपुर के कल्याणपुर निवासी ब्रजेश उपाध्याय, मडावली निवासी मयक झा, कानपुर देहात के पुखरामा निवासी सौरभ, कल्याणपुर निवासी विवेक, कानपुर देहात निवासी सदीप, गया बिहार निवासी सत्यनंद, कानपुर के किदवई नगर निवासी सलील, पनकी निवासी अजय, कानपुर नगर निवासी शिवम, कानपुर निवासी हरिश्याम और चालक अंकित घायल हुए।

इसके अलावा दिल्ली के मडावली निवासी मगतराम, रोहिणी सेक्टर-16 निवासी ममता, कानपुर के कल्याणपुर निवासी विधान, रोहिणी सेक्टर-16 निवासी हरमईनी व शकुंतला, कानपुर निवासी खुशी, अंबागंज निवासी सुशांत और कानपुर के दर्शनपुरा निवासी रिषभ गुप्ता भी घायल हुए हैं। रिषभ को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।

Location :  Budaun

Published :  11 September 2026, 11:27 AM IST