आजमगढ़ में पूजा के बीच तीन हत्याएं, बच्चों संग कमरे में बंद हुआ आरोपी; रात में ATS मुठभेड़ में मौत

आजमगढ़ के अहरौला क्षेत्र में पूजा के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति पर पत्नी और दो पुरोहितों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इसके बाद वह बच्चों के साथ घर में बंद हो गया। घंटों चले पुलिस ऑपरेशन के बाद मुठभेड़ में आरोपी मारा गया, जबकि उसका बेटा भी घायल होने के बाद दम तोड़ गया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 23 September 2026, 8:29 AM IST

Azamgarh: उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गहजी गांव में मंगलवार शाम पूजा-पाठ के दौरान विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पुलिस के अनुसार, अरविंद सिंह ने कथित तौर पर अपनी पत्नी बबीता और पूजा करा रहे दो पुरोहितों महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा को गोली मार दी। तीनों की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी अपने बच्चों के साथ घर के एक कमरे में बंद हो गया।

पूजा को लेकर कई दिनों से चल रहा था विवाद

स्थानीय जानकारी और पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, घर में शांति के लिए पूजा कराई जा रही थी। अरविंद इस पूजा का विरोध कर रहा था। मंगलवार शाम घर लौटने के बाद उसने पूजा करा रहे पुरोहितों से सवाल-जवाब शुरू किया। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पुरोहितों से आधार कार्ड दिखाने को भी कहा था। बहस के बाद उसने कथित तौर पर गोली चला दी।

पत्नी और दो पुरोहितों को मारी गोली

पुलिस के मुताबिक, फायरिंग में अरविंद की पत्नी बबीता और दो पुरोहित महेंद्र पाठक व अखिलेश मिश्रा की मौत हुई। घटना के दौरान घर में मौजूद कुछ लोग बाहर निकलने में सफल रहे। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद आरोपी बच्चों को लेकर कमरे में चला गया और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।

सात घंटे तक चला पुलिस का ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी सुनील कुमार सिंह और एसएसपी अनिल कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घर को चारों तरफ से घेर लिया गया। बच्चों की मौजूदगी को देखते हुए पुलिस ने आरोपी को बातचीत के जरिए बाहर लाने की कोशिश की। करीब सात घंटे तक समझाने के बाद भी जब वह बाहर नहीं आया तो विशेष टीम और ATS कमांडो को ऑपरेशन में लगाया गया।

HMT Recruitment 2026: न परीक्षा की टेंशन, न लंबी भर्ती प्रक्रिया, सरकारी कंपनी में 80,000 तक सैलरी

मुठभेड़ में आरोपी की मौत, बेटे ने भी दम तोड़ा

देर रात पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई हुई। इसमें अरविंद सिंह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। ऑपरेशन के दौरान उसका आठ वर्षीय बेटा शौर्य भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में उसकी भी मौत हो गई। दो बेटियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

मामले की जांच जारी

पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस अब वारदात के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।

Location :  Azamgarh

Published :  23 September 2026, 8:29 AM IST