रात में खाया खाना, सुबह फंदे से लटकी मिली महिला! औरैया में 14 साल की गृहस्थी का अंत, पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

रात में सब कुछ सामान्य था, लेकिन शुक्रवार सुबह घर में महिला का शव मिलने से परिवार में मातम छा गया। आखिर किन परिस्थितियों में हुई निर्मला की मौत? पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 30 October 2026, 1:29 PM IST

Auraiya: उत्तर प्रदेश के औरैया शहर में शुक्रवार सुबह एक महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शहर के मोहल्ला बनारसीदास में रहने वाली 40 वर्षीय निर्मला का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने महिला के मायके पक्ष को सूचना देने के बाद परिजनों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

14 साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार, बिहार के पटना जिले के फतुहा की रहने वाली निर्मला की शादी करीब 14 साल पहले औरैया शहर के बनारसीदास मोहल्ला निवासी मुकेश के साथ हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। बताया गया कि बृहस्पतिवार रात परिवार ने खाना खाया और इसके बाद सभी सोने चले गए।

“मेरी बीवी से लड़ाई हो गई, अब आत्महत्या ही करूंगा” फिर कैसे आधी रात में बच गई औरैया के आकाश की जान?

सुबह शव मिलने से मचा हड़कंप

शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे परिजनों ने निर्मला का शव फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। महिला की मौत से पति और दोनों बच्चे सदमे में हैं। मां को खोने के बाद बेटी सोनम और बेटे मयंक का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और परिवार के सदस्यों से जानकारी जुटाई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, महिला के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दी गई है। जानकारी मिलने के बाद बिहार से परिजन औरैया के लिए रवाना हो गए।

Breaking News: औरैया में बड़ा हादसा, स्वीट हाउस में फटा सिलेंडर, कई लोगों की हालत नाजुक

मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस

कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location :  Auraiya

Published :  30 October 2026, 1:29 PM IST