ATM की लाइन में खड़े-खड़े हो गया खेल! फतेहपुर में युवक के साथ ऐसा फ्रॉड, जानकर रह जाएंगे दंग

फतेहपुर में ATM से जुड़ी एक चौंकाने वाली ठगी ने लोगों को सतर्क कर दिया है। कार्ड बदलने की इस चालाकी भरी घटना में युवक के खाते से रकम गायब हो गई। इस घटना ने ATM इस्तेमाल की सुरक्षा पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पूरी घटना और इससे बचने के तरीके जानने के लिए पढ़ें खबर।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 2 April 2026, 1:41 PM IST

Fatehpur: फतेहपुर जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में ATM धोखाधड़ी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसने लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। नासिरपीर निवासी प्रमिल कुमार, पुत्र हीरा लाल के साथ शातिर ठगों ने ATM कार्ड बदलकर 16,800 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पैसे निकालने गए थे पीड़ित

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, पीड़ित प्रमिल कुमार ने बताया कि वह 31 मार्च 2026 को शाम करीब 8:45 बजे जीटी रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के ATM पर पैसे निकालने पहुंचे थे। उस समय ATM के बाहर और अंदर कुछ लोग पहले से मौजूद थे और लाइन लगी हुई थी। पीड़ित भी उसी लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे।

मदद के बहाने रचा गया पूरा खेल

जब प्रमिल कुमार की बारी आई और उन्होंने ATM मशीन में अपना कार्ड डालकर पैसे निकालने की कोशिश की, तो किसी कारणवश पैसे नहीं निकले। इसी दौरान पीछे खड़े एक युवक ने मदद की पेशकश की। उसने कहा कि वह कार्ड को सही तरीके से इस्तेमाल करना जानता है और सहायता कर सकता है। भरोसा करते हुए प्रमिल ने अपना ATM कार्ड उसे दे दिया।

मदद के बहाने उस शातिर युवक ने कार्ड को मशीन में घिसने का नाटक किया और इसी दौरान बेहद चालाकी से उनका ATM कार्ड बदलकर दूसरा कार्ड उनके हाथ में थमा दिया। प्रमिल कुमार इस चाल को समझ नहीं पाए।

इनकी खूबसूरती पर ना जाना साहब! एक पल में आपके साथ कर देंगी ऐसा कांड, हो जाओगे कंगाल, पढ़ें फतेहपुर पुलिस का बड़ा खुलासा

दूसरे ATM तक पहुंचते ही उड़ गए पैसे

जब बदला हुआ कार्ड मशीन में काम नहीं कर रहा था, तो प्रमिल कुमार को शक हुआ। इसके बाद वह पास ही बिंदकी बस स्टॉप के समीप स्थित एक्सिस बैंक के ATM पर पहुंचे। लेकिन वहां पहुंचने तक देर हो चुकी थी। उनके मोबाइल फोन पर लगातार पैसे निकाले जाने के मैसेज आने लगे।

देखते ही देखते उनके खाते से कुल 16,800 रुपये निकाल लिए गए। इस घटना से प्रमिल कुमार हक्का-बक्का रह गए और उन्हें समझ में नहीं आया कि उनके साथ इतनी बड़ी ठगी कैसे हो गई।

फतेहपुर ट्रैक्टर हादसे के बाद बवाल: आखिर क्यों सड़क पर उतरे लोग? जानें पूरा मामला

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना के बाद प्रमिल कुमार ने तुरंत सदर कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ATM के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 2 April 2026, 1:41 PM IST