
भिक्की गांव में ‘पलायन’ पोस्ट से सनसनी
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र स्थित भिक्की गांव में बुधवार को अचानक माहौल गरमा गया जब आधा दर्जन से अधिक घरों की दीवारों पर “मकान बिकाऊ है” लिखकर पलायन की चेतावनी दी गई। यह सिर्फ एक लिखावट नहीं थी, बल्कि गांव में लंबे समय से चल रहे तनाव और रंजिश का खुला इजहार था, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मामला दो पक्षों के बीच हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसने अब सामाजिक तनाव का रूप ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला 1 मई को शुरू हुआ था, जब गांव में मुजाहिद अली और गुलाब पक्ष के बीच मोटरसाइकिल निकालने को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया और कुछ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
कार रुकवाई, शीशा खुलवाया और फिर बरस पड़े डंडे… मुजफ्फरनगर की घटना CCTV में कैद
इसी कार्रवाई से नाराज गुलाब पक्ष के लोगों ने पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए गांव से पलायन की चेतावनी दे दी। उन्होंने अपने-अपने घरों पर “मकान बिकाऊ है” लिखकर प्रशासन और गांव में हलचल मचा दी। यह कदम सामने आते ही पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया और गांव में तनाव का माहौल और गहरा हो गया।
बकरीद से ठीक पहले यह मामला और संवेदनशील हो गया है। गुलाब पक्ष के लोगों का कहना है कि उनके परिवार के कई सदस्य जेल में हैं और कुछ फरार हैं, जबकि उन्हें लगातार दबाव और डर का सामना करना पड़ रहा है। महिलाओं का कहना है कि वे इस बार ईद का त्योहार भी नहीं मना पाएंगी, क्योंकि परिवार बिखर चुका है और माहौल बेहद तनावपूर्ण है।
मुजफ्फरनगर में देर रात गोलियों की गूंज! 28 मुकदमों वाला शातिर शाहनवाज पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति अमीर अब्बास, जो भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे से जुड़े बताए जाते हैं, उनके प्रभाव के चलते पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उनका कहना है कि इसी दबाव की वजह से वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और गांव छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं। हालांकि यह आरोप अभी जांच के दायरे में हैं।
पीड़ित महिला नफीसा ने भावुक होकर कहा कि उनके परिवार के छोटे-छोटे बच्चे हैं और पति नहीं है, ऐसे में वे कहां जाएं। उनका कहना है कि उन्हें इंसाफ नहीं मिला और उनकी सुनवाई नहीं हो रही। वहीं पीड़ित दिलशाद ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट की गई और पुलिस तक गलत जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा की चिंता है।
इस मामले में सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि 1 मई को मोटरसाइकिल निकालने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट हुई और दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, गंभीर धाराओं में कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है और बाकी फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 27 May 2026, 9:26 PM IST