
गजट की जमीन छोड़ बदला गया सड़क का रूट (Img: Dynamite News)
Amethi: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-931) के चौड़ीकरण कार्य को लेकर नया विवाद सामने आया है। भाजपा नेता और स्थानीय निवासी घनश्याम चौरसिया ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भारत सरकार के गजट और सर्वे में चिन्हित भूमि को छोड़कर सड़क का सेंटर बदल दिया गया है, जिससे नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
अमेठी थाना क्षेत्र के ताला गांव निवासी घनश्याम चौरसिया के अनुसार, भारत सरकार ने NH-931 को 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा करने के लिए सर्वे कराया था। सर्वे के बाद अधिग्रहित भूमि को चिन्हित करने के लिए सड़क के दोनों ओर पत्थर लगाए गए थे। उनका आरोप है कि ग्राम ताला के गाटा संख्या 76 और 150 पर लगाए गए चिन्हित पत्थरों को उखाड़कर सड़क का निर्माण निर्धारित सेंटर से हटाकर एक तरफ किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि भारत सरकार द्वारा जारी गजट, अधिग्रहित भूमि और स्वीकृत ड्राइंग को बिना अनुमति बदला नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना विधिवत अधिग्रहण के सरकारी जमीन पर सड़क निर्माण कराया जाना नियमों के विपरीत है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर गजट के अनुरूप सड़क निर्माण सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस मामले में कार्यदायी संस्था के महाप्रबंधक (जीएम) शिवकुमार पाठक ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में है। विवादित स्थल पर फिलहाल निर्माण कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने कहा कि शासन से जो भी निर्देश प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई और निर्माण कार्य किया जाएगा।
पाकिस्तान-चीन के छूटे पसीने: भारत ने चली ऐसी चाल, इंडोनेशिया को सौंप रहा दुश्मनों का सबसे बड़ा काल!
अब पूरे मामले में जिला प्रशासन की जांच पर सभी की निगाहें टिकी हैं। यदि शिकायत सही पाई जाती है तो सड़क निर्माण की प्रक्रिया में बदलाव संभव है। वहीं स्थानीय लोग भी निष्पक्ष जांच और नियमों के अनुरूप कार्यवाही की मांग कर रहे हैं।
Location : Amethi
Published : 7 July 2026, 2:15 PM IST
Topics : amethi news NH931 Uttar Pradesh News