Encounter in Sultanpur: दिनदहाड़े बड़े कांड की फिराक में थे बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर एक को मारी गोली; तीन गिरफ्तार

सुलतानपुर के अखंडनगर में पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हुआ, जबकि दो अन्य को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से लाखों के जेवरात और अवैध हथियार बरामद हुए हैं।

Updated : 24 August 2026, 9:24 AM IST
google-preferred

Sultanpur: सुलतानपुर जिले के अखंडनगर थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। क्षेत्र में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे नियमित चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस दल पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल बदमाश सहित उसके तीन साथियों को दबोच लिया। मौके से भारी मात्रा में चोरी का सामान और अवैध असलहे बरामद हुए हैं।

मुठभेड़ में घायल हुआ शातिर विपिन निषाद, दो अन्य साथी भी धराए

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए मुख्य आरोपी की पहचान विपिन निषाद उर्फ हाईलैण्ड (पुत्र रामदेव निषाद, निवासी दामोदरपुर, थाना कादीपुर, उम्र करीब 24 वर्ष) के रूप में हुई है। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में लेकर नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। इसके अलावा, मौके से उसके दो अन्य सहयोगियों- नागेंद्र उर्फ बबलू (पुत्र लालता प्रसाद निषाद, निवासी मझगवां, थाना कादीपुर) और नीरज (पुत्र आशा, निवासी अलीपुर कांपा, थाना अखंडनगर, दोनों की उम्र करीब 25 वर्ष) को भी सुरक्षित गिरफ्तार कर लिया गया।

कन्नौज में खाकी पर सवाल, मारपीट रोकने गए युवकों की पिटाई का आरोप, थाने में धरने पर बैठे लोग

लाखों के आभूषण और अवैध हथियार बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने चोरी का एक बड़ा जखीरा बरामद किया है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण मिले हैं। इसके साथ ही एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस अब इन बरामद आभूषणों का मिलान जिले और आसपास के थानों में दर्ज चोरी की पुरानी वारदातों से कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने किन-किन घरों को निशाना बनाया था।

आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास और आगे की कार्रवाई

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि गिरफ्तार आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी विपिन निषाद के खिलाफ कादीपुर थाने में चोरी, माल बरामदगी और बीएनएस की कई गंभीर धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा, उसके खिलाफ दोस्तपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट और वर्ष 2019 का पॉक्सो एक्ट समेत अन्य मामले भी दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी नागेंद्र उर्फ बबलू पर जौनपुर के सरपतहा थाने के साथ-साथ दोस्तपुर और मोतिगरपुर थानों में भी कई मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि हुई है।

Gorakhpur: पारिवारिक विवाद में तलवार लहराना पड़ा भारी, पुलिस ने ऐसे सिखाया सबक

सुल्तानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चेकिंग के दौरान हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हुआ है और कुल तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में सभी आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है और पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों के खुलासे की भी पूरी संभावना है।

Location :  Sultanpur

Published :  24 August 2026, 9:24 AM IST

Related News

Advertisement