
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स-Pinterest)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा से एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। ताजगंज के नगला पैमा इलाके में निकाह के महज तीन महीने बाद ही एक कलयुगी पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब मृतका ने अभी खाना तक नहीं खाया था। चूल्हे पर रखी रोटियां, सब्जी और दूध इस खौफनाक वारदात की गवाही दे रहे हैं।
आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र के नगला पैमा में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक सूने मकान के अंदर से महिला का सड़ता हुआ शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान 35 वर्षीय उज्जमा के रूप में हुई है, जिसका तीन महीने पहले ही आरोपी फरहान के साथ निकाह हुआ था। वैवाहिक वेबसाइट के जरिए दोनों की मुलाकात हुई थी और उज्जमा अपने पहले पति की मौत के बाद अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने यहां आई थी, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस हमसफर पर वह भरोसा कर रही है, वही उसका कातिल बन जाएगा।
मथुरा के गेस्ट हाउस में घिनौनी हरकत, नहाती किशोरी का बना रहा था वीडियो… फिर मचा बवाल
मंगलवार की सुबह जब ससुर अकबर अली उर्फ बब्बू अपने बेटे के घर पहुंचे, तो मकान पर ताला लगा हुआ था और अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। शक होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने फील्ड यूनिट के साथ जब घर का ताला तोड़ा, तो अंदर का नजारा देख सबकी रूह कांप गई। फर्श पर चारों तरफ खून ही खून बिखरा हुआ था और उज्जमा का शव लहूलुहान हालत में पड़ा था। पास ही खून से सनी एक ईंट मिली, जिससे साफ जाहिर होता है कि बेरहमी से सिर कुचलकर उसकी हत्या की गई थी।
पुलिस और फोरेंसिक टीम की जांच में यह बात सामने आई कि हत्या से ठीक पहले का माहौल सामान्य था। रसोईघर के चूल्हे पर बर्तन में उबला हुआ दूध और एक अन्य बर्तन में रोटियां व सब्जी रखी हुई थीं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उज्जमा ने रात का खाना बनाया ही था कि तभी किसी बात को लेकर विवाद हुआ और आरोपी पति ने उसे खाना तक नहीं खाने दिया। क्रूरता की हद पार करते हुए उसने सोते या जागते वक्त उज्जमा के सिर पर ईंट से ताबड़तोड़ प्रहार कर उसकी जान ले ली।
वैभव हत्याकांड के बाद बड़ा एक्शन! आरोपी शिक्षक के घर पहुंचा प्रशासन का नोटिस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी फरहान (40) का यह तीसरा निकाह था। उसकी पहली पत्नी बुशरा से साढ़े चार साल पहले तलाक हो चुका था और उसके दो बच्चे फरहान के पास ही रहते थे। इसके बाद उसने ढाई साल पहले बिहार की एक युवती से दूसरा निकाह किया था, जो उसे छोड़कर चली गई। इसके बाद उसने तीन महीने पहले झांसी की रहने वाली उज्जमा से तीसरा निकाह किया था। उज्जमा के पहले पति अनवर की चार साल पहले कैंसर से मौत हो चुकी थी और उसके भी दो बच्चे हैं, जो झांसी में अपने ननिहाल में रहकर पढ़ाई करते हैं।
घटना के बाद से आरोपी पति फरहान फरार है और उसका मोबाइल फोन भी लगातार स्विच ऑफ जा रहा है। मृतका की स्कूटी भी घर से गायब है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि वह इसी स्कूटी पर सवार होकर भागा है। हालांकि, गांव में सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण उसके भागने के सटीक रास्ते का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतका के परिजनों की शिकायत पर आगे की कानूनी कार्रवाई तेजी से की जा रही है।
Location : Agra
Published : 29 July 2026, 9:54 AM IST