
DM ऑफिस पर पंचायत सहायक के कदम से मचा हड़कंप
Muzaffarnagar: मुजफ्फरनगर कलेक्ट्रेट परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पंचायत सहायक ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर खुद पर तेल छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश कर दी। युवक अपने साथ हुए कथित अन्याय और पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज बताया जा रहा है। हालांकि मौके पर मौजूद सिविल डिफेंस के जवान की सूझबूझ और तेजी से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के मुताबिक ग्राम निरमानी निवासी सचिन कुमार ग्राम पंचायत में पंचायत सहायक के पद पर तैनात हैं। सचिन का आरोप है कि बीते 8 जून को ग्राम सचिवालय में काम करने के दौरान गांव के ही दो लोगों ने उनके साथ मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सरकारी काम में बाधा डाली और सचिवालय में रखे प्रिंटर समेत अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। इतना ही नहीं, सरकारी दस्तावेजों को भी फाड़ दिया गया और कुछ जरूरी कागजात अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया गया है।
मुजफ्फरनगर साइबर पुलिस का बड़ा धमाका, 37 करोड़ के ऑनलाइन फ्रॉड नेटवर्क का भंडाफोड़
पंचायत सहायक सचिन कुमार का आरोप है कि वह लगातार थाने और अधिकारियों के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी शिकायत पर गंभीरता से सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया। सचिन का कहना है कि आरोपी अब खुलेआम गांव में घूम रहे हैं और उनका मजाक बना रहे हैं। इसी से परेशान होकर उन्होंने कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपनी बात अधिकारियों तक पहुंचाने की कोशिश की।
गुरुवार को सचिन कुमार शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि जिलाधिकारी कार्यालय के पास पहुंचने के बाद उन्होंने अचानक अपने ऊपर तेल डाल लिया। वहां मौजूद लोगों को कुछ समझ आता, इससे पहले ही उन्होंने खुद को आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान संयोग से कलेक्ट्रेट परिसर में अग्निशमन विभाग की मॉक ड्रिल चल रही थी। मॉक ड्रिल में शामिल सिविल डिफेंस के एक जवान की नजर जैसे ही सचिन पर पड़ी, वह तुरंत उनकी तरफ दौड़ा।
मुजफ्फरनगर में पुलिस और डीजल चोरों के बीच मुठभेड़, गोली लगने से एक बदमाश ढेर
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन प्रभारी महावीर सिंह चौहान और कचहरी पुलिस चौकी प्रभारी प्रशांत गिरी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सबसे पहले पंचायत सहायक को शांत कराया। इसके बाद उनके शरीर पर पड़े तेल को साफ कराया गया और पानी से नहलाकर उन्हें सुरक्षित किया गया। बाद में पुलिस सचिन को अपने साथ थाने ले गई।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पंचायत सहायक द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। वहीं इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सचिन कुमार ने एक बार फिर आरोप लगाया कि उनके साथ अन्याय हुआ है और उनकी शिकायत पर जल्द कार्रवाई होनी चाहिए। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस इस मामले में क्या कदम उठाती है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 12 June 2026, 8:00 AM IST