प्रेम कहानी का खौफनाक अंजाम! बेटा युवती को लेकर भागा था, अब पिता की गोली मारकर हत्या

मुजफ्फरनगर के शाहपुर थाना क्षेत्र के किनौनी गांव में प्रेम प्रसंग के विवाद के बीच 50-55 वर्षीय सुभाष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक के बेटे आकाश के कुछ दिन पहले गांव की युवती को लेकर फरार होने के बाद दोनों परिवारों में विवाद चल रहा था। परिजनों ने युवती के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिस ने जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 15 September 2026, 4:33 PM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहे विवाद ने मंगलवार को खूनी रूप ले लिया। शाहपुर थाना क्षेत्र के किनौनी गांव में 50-55 वर्षीय सुभाष की गोली मारकर हत्या कर दी गई। सुभाष का बेटा आकाश कुछ दिन पहले गांव की ही एक युवती कशिश को लेकर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने दोनों को बरामद किया था और युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब सुभाष की हत्या के पीछे इसी प्रेम प्रसंग को लेकर चल रही रंजिश को वजह बताया जा रहा है।

युवती को लेकर फरार हुआ था युवक

मामला शाहपुर थाना क्षेत्र के किनौनी गांव का है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले गांव का रहने वाला आकाश प्रेम प्रसंग के चलते अपनी ही बिरादरी की कशिश नाम की युवती को लेकर चला गया था। घटना के बाद गांव में मामला चर्चा में आया और दोनों परिवारों के बीच विवाद बढ़ गया। बताया गया कि इस मामले को लेकर गांव में पंचायत भी हुई थी। पंचायत में दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश की गई, लेकिन कोई ठोस निर्णय नहीं हो सका। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

“काला कानून वापस नहीं हुआ तो वोट की चोट देंगे”, गंगाजल लेकर दिल्ली निकले प्रदर्शनकारियों को मुजफ्फरनगर में रोका

लड़की के बयान को लेकर भी हुआ था विवाद

मृतक के भाई मदनपाल ने बताया कि युवक-युवती के मामले में दोनों को बरामद किए जाने के बाद उनके बयान भी हुए थे। उनका दावा है कि युवती ने परिवार के पक्ष में जाने के बजाय आकाश के पक्ष में बात कही थी। मदनपाल के मुताबिक, इस मामले को लेकर गांव में पंचायत हुई थी और सिसौली से किसान नेता राकेश टिकैत के आने की बात भी सामने आई। पंचायत में दोनों परिवारों को युवक-युवती को समझाने की सलाह दी गई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।

साइकिल से फैक्ट्री जा रहे थे सुभाष

एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के मुताबिक, सुभाष की उम्र करीब 50 से 55 वर्ष थी। वह गांव के रहने वाले थे और मंगलवार को साइकिल से फैक्ट्री में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान उन्हें गोली मारी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े साक्ष्यों को जुटाने में लगी है।

घर के बाहर सुकून से बैठे थे लोग, तभी आ गई मौत बनकर कार, मुजफ्फरनगर की इस दिल दहला देने वाली घटना ने कांप उठा देगी रूह

10-15 दिन पहले शुरू हुआ था विवाद

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आया है कि करीब 10-15 दिन पहले इसी गांव के एक युवक और युवती के चले जाने के बाद विवाद शुरू हुआ था। दोनों एक ही बिरादरी के बताए जा रहे हैं। एसएसपी के अनुसार, इस मामले में पहले भी पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई थी। युवक और युवती को बरामद किया गया था और संबंधित कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इसी विवाद की वजह से हत्या की घटना को अंजाम दिया गया या इसके पीछे कोई अन्य वजह भी थी।

हत्या के बाद पुलिस ने तेज की जांच

हत्या के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया है। एसपी सिटी, सीओ, थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम के साथ फील्ड यूनिट भी जांच में जुटी है। एसएसपी ने कहा कि घटना को लेकर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  15 September 2026, 4:33 PM IST