
यूपी में सोने की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल (Img: Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश के सर्राफा बाजार में इस समय सोने की कीमतें आम आदमी के बजट को हिला रही हैं। अगर आप भी शादी-ब्याह या निवेश के लिए सोना खरीदने की सोच रहे हैं, तो रुकिए और आज का ताजा भाव जरूर जान लीजिए। पूरे प्रदेश में सोने के दाम अब तक के सबसे उच्चतम स्तर के आसपास मंडरा रहे हैं।
आज उत्तर प्रदेश में 22 कैरेट सोने का भाव लगभग 13,450 रुपये प्रति ग्राम और 24 कैरेट शुद्ध सोने का भाव लगभग 14,680 रुपये प्रति ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है, जिसने ग्राहकों के पसीने छुड़ा दिए हैं।
नवाबों के शहर लखनऊ में आज सोने की चमक सबसे ज्यादा तीखी लग रही है। लखनऊ में 24 कैरेट सोने (10 ग्राम) की कीमत 1,46,770 रुपये पर पहुंच गई है, जबकि आभूषणों के लिए इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने का दाम 1,34,550 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा है।
वहीं बाबा गोरखनाथ की नगरी गोरखपुर में मंगलवार, 7 जुलाई को 24 कैरेट सोने का भाव 1,46,720 रुपये प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट का भाव 1,34,400 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है।
गोरखपुर के बाजार पर नजर डालें तो पिछले कुछ दिनों में कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है। बीते 1 जुलाई को जहां 24 कैरेट सोना 1,36,034 रुपये पर था, वहीं महज 6 दिनों के भीतर यानी 6 जुलाई को यह बढ़कर 1,42,731 रुपये हो गया और आज 7 जुलाई को तो इसने 1,46,720 रुपये का आंकड़ा छूकर नया रिकॉर्ड बना दिया है।
सोने की इस बढ़ती तपिश से देवरिया और महराजगंज भी अछूते नहीं हैं। देवरिया में आज 24 कैरेट सोने का भाव 1,42,280 रुपये से लेकर 1,46,830 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच बना हुआ है, जबकि 18 कैरेट सोना भी 1,07,586 रुपये से 1,10,123 रुपये के उच्च स्तर पर बिक रहा है।
बात अगर महराजगंज की करें तो यहां आज 24 कैरेट सोना 1,42,731 रुपये से 1,47,050 रुपये प्रति 10 ग्राम के बीच चल रहा है। इस बेतहाशा बढ़ोतरी ने निवेशकों को तो खुश कर दिया है, लेकिन आम खरीदारों की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
Location : Lucknow
Published : 7 July 2026, 8:36 AM IST