Bloomberg: अंबानी को पीछे छोड़ अदाणी बने एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। गौतम अदाणी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का खिताब हासिल कर लिया है। अदाणी की संपत्ति 92.6 अरब डॉलर पहुंच गई है, जबकि अंबानी दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। इस बदलाव के पीछे शेयर बाजार का प्रदर्शन अहम वजह है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 17 April 2026, 1:18 PM IST

New Delhi: एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति को लेकर एक बार फिर बड़ा बदलाव सामने आया है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, उद्योगपति गौतम अडानी ने मुकेश अंबानी को पीछे छोड़ते हुए एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति का ताज अपने नाम कर लिया है।

ब्लूमबर्ग अरबपति सूचकांक के अनुसार, अडानी की कुल संपत्ति बढ़कर 92.6 अरब डॉलर हो गई है। इसके साथ ही वह दुनिया के 19वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। वहीं, लंबे समय तक इस सूची में शीर्ष पर रहे मुकेश अंबानी अब 90.8 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ एशिया में दूसरे और वैश्विक स्तर पर 20वें स्थान पर पहुंच गए हैं। यह बदलाव दर्शाता है कि वैश्विक अरबपतियों की रैंकिंग कितनी तेजी से बदल सकती है।

शेयर बाजार का असर: अडानी ग्रुप में तेजी, रिलायंस स्थिर

इस बड़े बदलाव के पीछे सबसे अहम कारण शेयर बाजार का प्रदर्शन रहा है। इस साल अडानी ग्रुप के शेयरों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली है, जिससे गौतम अडानी की संपत्ति में 8.1 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। हाल ही में एक कारोबारी सत्र के दौरान, जब BSE Sensex 123 अंक गिर गया था, तब भी अडानी समूह के शेयरों में मजबूती बनी रही। इसी एक दिन में अडानी की संपत्ति में लगभग 3.56 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

Maharajganj News: बोरे की किल्लत और भुगतान में देरी से किसान बेहाल; पढ़ें पूरी खबर

दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज़ के शेयरों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। मुकेश अंबानी को इस साल 16.9 अरब डॉलर की गिरावट का सामना करना पड़ा है। हालांकि हाल ही में उन्हें मामूली फायदा हुआ, लेकिन कुल मिलाकर शेयरों में ठहराव बना रहा, जिससे उनकी रैंकिंग प्रभावित हुई।

वैश्विक अरबपतियों की सूची में उतार-चढ़ाव

दुनिया के शीर्ष 20 अरबपतियों की सूची में भी इस साल कई बदलाव देखने को मिले हैं। कई दिग्गजों की संपत्ति में गिरावट दर्ज की गई है। लक्जरी ब्रांड के मालिक बर्नार्ड अरनॉल्ट को सबसे बड़ा नुकसान हुआ है, जिनकी संपत्ति करीब 44 अरब डॉलर घट गई। इसके अलावा बिल गेट्स, वॉरेन बफ़ेट, स्टीव बाल्मर, लैरी एलिसन और मुकेश अंबानी जैसे बड़े नाम भी इस साल नुकसान झेलने वालों में शामिल हैं।

दिल्ली के नरेला इंडस्ट्रियल एरिया में जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

वहीं, दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति के रूप में एलन मस्क 656 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर कायम हैं। उनके बाद लेरी पेज 286 अरब डॉलर के साथ दूसरे स्थान पर हैं। कुल मिलाकर, अडानी और अंबानी के बीच यह प्रतिस्पर्धा आने वाले समय में और तेज होने की संभावना है। ऐसा भी माना जा रहा है कि शेयर बाजार की चाल और कंपनियों के प्रदर्शन के आधार पर यह रैंकिंग आगे भी बदलती रहेगी।

Location :  New Delhi

Published :  17 April 2026, 1:18 PM IST