Gorakhpur: 3 प्रयास के बाद बने IAS कुणाल रस्तोगी ने संभाला ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का पद, अब मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी?

गोरखपुर में नए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कार्यभार संभाल लिया है। उनकी कहानी सिर्फ प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने तक सीमित नहीं है। सिविल सेवा तक पहुंचने का उनका सफर कई उतार-चढ़ाव से भरा रहा। अब जिले में नई जिम्मेदारी मिलने से पहले उनके नाम और प्रोफाइल को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Gorakhpur: 2024 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी कुणाल रस्तोगी ने शनिवार को गोरखपुर पहुंचकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर ज्वाइनिंग की औपचारिकताएं पूरी कीं। अब जिलाधिकारी दीपक मीणा प्रशासनिक जरूरत के अनुसार उन्हें जिले की किसी तहसील की जिम्मेदारी सौंप सकते हैं।

गोरखपुर में नई जिम्मेदारी संभालने वाले कुणाल रस्तोगी मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं। उन्होंने BITS पिलानी से सिविल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने समाज और प्रशासन के क्षेत्र में काम करने की इच्छा से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी शुरू की।

तीन प्रयास के बाद हासिल की बड़ी सफलता

कुणाल का IAS बनने का सफर आसान नहीं रहा। उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा में तीन प्रयास किए। पहले प्रयास में उन्होंने त्रिपुरा कैडर के लिए परीक्षा दी, लेकिन इंटरव्यू चरण में सफलता नहीं मिल सकी। दूसरे प्रयास में वह प्रारंभिक परीक्षा भी पास नहीं कर पाए।

इसके बाद उन्होंने अपनी कमियों का आकलन किया और तैयारी की रणनीति में बदलाव किया। तीसरे प्रयास में उन्होंने सफलता हासिल कर भारतीय प्रशासनिक सेवा में जगह बनाई।

पढ़ाई में भी रहे शानदार

कुणाल रस्तोगी की स्कूली शिक्षा अलग-अलग शहरों में हुई। उन्होंने 2014 में अगरतला के होली क्रॉस स्कूल से हाईस्कूल की परीक्षा 93.5 प्रतिशत अंकों के साथ पास की। इसके बाद 2016 में लखनऊ के सिटी मॉन्टेसरी स्कूल, गोमती नगर से इंटरमीडिएट में 96.5 प्रतिशत अंक हासिल किए।

कुणाल सिविल सेवा की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों को शॉर्टकट से बचने की सलाह देते हैं। उनका कहना है कि अभ्यर्थियों को सबसे पहले परीक्षा के सिलेबस को समझना चाहिए और उसी के अनुसार सीमित व उपयोगी किताबों का चयन करना चाहिए। उनके मुताबिक एक अच्छे स्रोत को बार-बार पढ़ना और नियमित अध्ययन करना ज्यादा प्रभावी होता है।

Rahul Gandhi PC: राहुल गांधी ने सरकार को इन 5 मुद्दों पर घेरा, कहीं ये बड़ी बातें

पिता भी हैं वरिष्ठ IPS अधिकारी

कुणाल के पिता पुनीत रस्तोगी IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में BSF में एडीजी पद पर तैनात हैं। पिता की अलग-अलग स्थानों पर तैनाती के कारण कुणाल को बचपन से ही विभिन्न क्षेत्रों, संस्कृतियों और सामाजिक परिस्थितियों को करीब से समझने का अवसर मिला।

उनकी मां नीमा रस्तोगी गृहिणी हैं, जबकि छोटी बहन पूर्णिमा रस्तोगी एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं।

अब गोरखपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का पद संभालने के बाद कुणाल रस्तोगी के कार्यक्षेत्र को लेकर प्रशासनिक आदेश का इंतजार है। तहसील की जिम्मेदारी मिलने के बाद राजस्व मामलों के निस्तारण, जनसमस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं की निगरानी में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  29 August 2026, 3:58 PM IST

Advertisement