बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप, जानिये पूरा अपडेट

देश भर में पिछले कुछ दिनों से धमकी भरे मेल मिलने का सिलसिला समय-समय पर सामने आ रहा है। अब बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 13 March 2026, 4:33 PM IST

Patna: बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हो गई हैं। ईमेल के माध्यम से मिली इस धमकी के बाद विधानसभा परिसर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस और विशेष सुरक्षा टीमों ने पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा की गई।

ईमेल के जरिए मिली धमकी

जानकारी के अनुसार, धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। जैसे ही यह सूचना सामने आई, सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पुलिस को ईमेल की जानकारी तुरंत दी गई और तकनीकी टीम को इसकी पड़ताल में लगा दिया गया।
ईमेल भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। तकनीकी टीम सभी डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है ताकि धमकी के स्रोत का पता लगाया जा सके।

Bihar Assembly Election Voting: बिहार के पहले चरण की वोटिंग में इन प्रत्याशियों की किस्मत दांव पर, जानिये क्या कहता है चुनावी गणित

विधानसभा अध्यक्ष ने लिया तत्काल संज्ञान

धमकी की जानकारी मिलते ही विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने सभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पूरे मामले की विस्तृत जांच कराई जाए। प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को तत्काल कार्रवाई करने का आदेश भी दिया गया।

शीर्ष अधिकारियों को दी गई जानकारी

विधानसभा सचिवालय ने घटना की जानकारी राज्य के शीर्ष अधिकारियों को दी। प्रभारी सचिव ने मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को भी सूचित किया। इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए गए।
विधानसभा परिसर और आसपास के इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए और निगरानी बढ़ा दी गई।

बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड ने की जांच

धमकी के बाद पुलिस के साथ बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमों को भी बुलाया गया। इन टीमों ने विधानसभा परिसर में सघन जांच अभियान चलाया। परिसर के हर हिस्से की बारीकी से तलाशी ली जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्क हैं। सभी संदिग्ध स्थानों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु का पता नहीं चला है।

Bihar Assembly Poll Dates: बिहार की 243 सीटों पर दो चरणों में चुनाव, 6 और 11 नवंबर को वोटिंग, जानिये कब आएंगे नतीजे

एसएसपी ने धमकी की पुष्टि की

पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने धमकी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि ईमेल के जरिए यह धमकी दी गई। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। ईमेल के स्रोत और भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं। तकनीकी टीम इस मामले की तह तक जांच में लगी है। पुलिस ने कहा कि जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Location : 
  • Patana

Published : 
  • 13 March 2026, 4:33 PM IST