बिहार में करारी हार के बाद विदेश गए तेजस्वी यादव, साथ में ले गए बीवी-बच्चे

बिहार चुनावी पराजय के बाद जहां राजद समीक्षा में जुटा है, वहीं तेजस्वी यादव पत्नी राजश्री और बच्चों के साथ यूरोप छुट्टियां मनाने निकल गए हैं। उनके दिसंबर बाद लौटने की चर्चा है, जबकि परिवार और पार्टी दोनों स्तर पर उनकी अनुपस्थिति सवाल खड़े कर रही है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 8 December 2025, 8:02 PM IST
google-preferred

Patna: बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) आत्ममंथन मोड में दिख रहा है, वहीं पार्टी के नेता और लालू प्रसाद यादव के राजनीतिक उत्तराधिकारी माने जाने वाले तेजस्वी यादव फिलहाल परिवार के साथ छुट्टियां मनाने विदेश रवाना हो गए हैं। पार्टी जहां चुनावी पराजय के कारणों की समीक्षा में जुटी है, वहीं तेजस्वी का यूरोप जाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री (पूर्व में रेचल गोडिन्हो) और अपने दोनों बच्चों पुत्री कात्यायनी और पुत्र इराज के साथ यूरोप पहुंचे हैं। यह परिवार क्रिसमस मनाने के साथ नए वर्ष का स्वागत विदेश में ही करेगा। राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी है कि तेजस्वी दिसंबर के बाद ही पटना लौटेंगे, यानी वे लगभग एक महीने तक बिहार की सक्रिय राजनीति से दूर रहेंगे।

राजश्री की अनुपस्थिति से परिवार असहज

तेजस्वी की पत्नी राजश्री इन दिनों भी सुर्खियों में हैं। ईसाई धर्मावलंबी रही रेचल गोडिन्हो के तेजस्वी के विवाह के बाद नाम बदलकर राजश्री रखने पर हमेशा राजनीतिक हलकों में बात होती रही है। वे पटना में राबड़ी देवी के सरकारी आवास, 10 सर्कुलर रोड, में पति और बच्चों के साथ रहती हैं।

इसी बंगले में विधानसभा चुनाव के दौरान राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने हैलोवीन का उत्सव मनाया था, जिसका वीडियो इंटरनेट मीडिया पर खूब वायरल हुआ था। कुछ लोगों ने इस पर सवाल भी उठाए थे।

अब राबड़ी देवी को 39, हार्डिंग रोड स्थित नए बंगले में शिफ्ट होने का नोटिस मिल चुका है। परिवार के अनुसार, नए आवास में शिफ्टिंग के दौरान राजश्री की अनुपस्थिति घर के माहौल को थोड़ा असहज बना सकती है। यही कारण है कि इस मुद्दे पर जब विधानमंडल परिसर में राबड़ी देवी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे टाल दिया।

हार के बाद से मीडिया से दूर तेजस्वी

विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से तेजस्वी यादव ने खुद को मीडिया और सार्वजनिक मंचों से लगभग दूर कर रखा है। हार पर प्रतिक्रिया देने से वे लगातार परहेज़ करते दिख रहे हैं।

सूत्र बताते हैं कि 24 नवंबर को राजश्री बच्चों को लेकर दिल्ली चली गई थीं। 27 नवंबर को तेजस्वी भी दिल्ली पहुंचे और वहीं से वापस आकर उन्होंने नवगठित विधानसभा के सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण किया।

विधानसभा के पांच दिवसीय सत्र के दूसरे दिन 2 दिसंबर की कार्यवाही खत्म होने के बाद तेजस्वी अचानक दिल्ली रवाना हो गए। इसके बाद विपक्ष ने लगातार उन पर निशाना साधा, लेकिन तेजस्वी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसी चुप्पी के बीच यह खबर आई कि वे यूरोप छुट्टियां मनाने चले गए हैं।

राजद की समीक्षा बैठकें जारी, पर प्रमुख चेहरे गायब

राजद अंदरखाने समीक्षा बैठकों में जुटा है। बूथ स्तर से लेकर संगठन तक, चुनावी हार के कारणों की जांच की जा रही है। परंतु पार्टी का प्रमुख चेहरा तेजस्वी फिलहाल देश से बाहर हैं। इससे पार्टी में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ नेताओं का कहना है कि चुनावी हार के बाद नेतृत्व का अनुपस्थित रहना कार्यकर्ताओं का मनोबल प्रभावित कर सकता है।

हालांकि तेजस्वी के करीबी बताते हैं कि वे लंबे समय से परिवार को समय नहीं दे पाए थे और यह निजी यात्रा काफी पहले तय की गई थी। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि तेजस्वी को चुनावी हार के बाद कार्यकर्ताओं के बीच अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए थी, पर फिलहाल उनकी प्राथमिकता परिवार के साथ समय बिताना दिख रही है।

Location : 
  • Patna

Published : 
  • 5 December 2025, 4:53 AM IST

Advertisement
Advertisement