पटना में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, फायरिंग के बीच दबोचे गए CMS लूटकांड के दो कुख्यात आरोपी

पटना के मसौढ़ी में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपी CMS कैश वैन लूटकांड में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

Updated : 27 May 2026, 3:04 PM IST
google-preferred

Patna: बिहार की राजधानी पटना से सटे मसौढ़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घटना मसौढ़ी थाना क्षेत्र के चरमा गांव के समीप की बताई जा रही है। गिरफ्तार दोनों अपराधी 13 मई को हुए CMS (एक प्रमुख कैश मैनेजमेंट कंपनी जो बैंकों और एटीएम में पैसे पहुँचाने का काम करती है) कंपनी की कैश वैन लूटकांड में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।

गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची थी पुलिस टीम

जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो कुख्यात अपराधी मसौढ़ी इलाके में किसी सोना-चांदी की दुकान में लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने इलाके में पहुंचकर अपराधियों की घेराबंदी शुरू की।

बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम अपराधियों के करीब पहुंची, बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान अपराधियों द्वारा चलाई गई एक गोली पुलिस वाहन में भी जा लगी।

Bihar Crime News: साइबर गिरोह का भंडाफोड़, कई लोग गिरफ्तार; जानिये क्या है पूरा मामला

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ बदमाश

अपराधियों की फायरिंग के बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की गोली लगने से एक अपराधी अजय पासवान घायल हो गया। अजय पासवान पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। गोली उसके पैर में लगी है।

घायल अपराधी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं उसके दूसरे साथी को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दोनों अपराधियों से पूछताछ कर रही है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य बदमाशों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

हथियार और कारतूस बरामद

पटना पूर्वी के सिटी एसपी परिचय कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी हथियारों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार दोनों अपराधी काफी शातिर हैं और इनके खिलाफ डकैती, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 20 से अधिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि ये कई राज्यों में वांछित भी थे।

Bihar Crime News: साइबर गिरोह का भंडाफोड़, कई लोग गिरफ्तार; जानिये क्या है पूरा मामला

कैश वैन लूटकांड में भी थी संलिप्तता

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार दोनों अपराधी 13 मई 2026 को गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुई CMS कंपनी की कैश वैन लूट की घटना में शामिल थे। इस मामले का खुलासा पुलिस ने 36 घंटे के भीतर कर दिया था, लेकिन दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।

Location :  Patna

Published :  27 May 2026, 3:04 PM IST

Advertisement