
प्रतीकात्मक छवि (Img: Pinterest)
Patna: कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्सलेन पुल के पास सोमवार को एक अत्यंत ही खौफनाक दृश्य देखने को मिला, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। पुल के पाया नंबर 56 के समीप एक अज्ञात युवक का शव बेहद क्षत-विक्षत हालत में बरामद किया गया।
मृतक के शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था और उसका सिर धड़ से पूरी तरह अलग पड़ा हुआ था। इसके अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गहरे और गंभीर जख्मों के निशान मिले हैं। शव को देखकर घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही रुस्तमपुर थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के गांवों और थानों से संपर्क कर मृतक की पहचान कराने की कोशिशों में जुटी हुई है।
बिहार में खौफनाक वारदात: नशे की धुन और कत्ल की सनक, दरवाजा देर से खुलने पर ली जान
जिस तरह से शव बिना कपड़ों के और सिर कटा हुआ मिला है, उससे यह अंदेशा जताया जा रहा है कि साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने की नीयत से यह जघन्य कृत्य किया गया होगा।
पुलिस की शुरुआती जांच में यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह किसी भीषण सड़क हादसे का परिणाम है या फिर युवक की बेरहमी से हत्या कर शव को पुल के पास फेंका गया है। पुलिस ने शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, मौत की असली वजह, हत्या का तरीका और समय का सही खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फॉरेंसिक जांच पूरी होने के बाद ही हो पाएगा।
Location : Patna
Published : 21 September 2026, 11:18 AM IST