BPSC धांधली में बड़ा खुलासा: बायोमीट्रिक ऑपरेटर ही निकला सॉल्वर गैंग का मोहरा, पटना से अतुल राज गिरफ्तार

BPSC-AEDO परीक्षा धांधली मामले में EOU ने बड़ा एक्शन लेते हुए बायोमीट्रिक ऑपरेटर अतुल राज को पटना से गिरफ्तार कर बेऊर जेल भेजा। जांच में सॉल्वर गैंग से कनेक्शन और डिजिटल सबूत सामने आए हैं। पढ़ें पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 20 August 2026, 1:38 PM IST
google-preferred

Patna: बिहार की प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सरकार जिन डिजिटल माध्यमों पर भरोसा जताती है, अब वहीं से धांधली के नए रास्ते खोजे जा रहे हैं। आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने BPSC-AEDO परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी का खुलासा करते हुए कंकड़बाग के रघुनाथ उच्च बालिका विद्यालय में तैनात बायोमीट्रिक ऑपरेटर अतुल राज पांडेय को धर दबोचा है। परीक्षा को फर्जीवाड़े से बचाने के लिए तैनात यह कर्मचारी खुद सॉल्वर गैंग का अहम मोहरा निकला, जो अंदर बैठकर पूरी सेटिंग का खेल चला रहा था।

मोबाइल और चैट से खुले राज: महिला सहकर्मी से मिले डिजिटल सबूत

EOU की जांच में यह साफ हुआ कि अतुल राज का जाल सिर्फ एक केंद्र तक सीमित नहीं था। उसकी सहकर्मी दीपिका कुमारी के मोबाइल से परीक्षा से जुड़े कई चौंकाने वाले डिजिटल सबूत मिले हैं। वहीं एएन कॉलेज केंद्र से परीक्षार्थी रोशन कुमार को बायोमीट्रिक कर्मी अंशुप्रिया से उत्तर पर्ची लेते रंगे हाथों पकड़ा गया। इन कड़ियों को जोड़ते हुए जब EOU ने अतुल राज का फोन जब्त कर जांच की, तो एक बड़े डिजिटल सिंडिकेट का भंडाफोड़ हुआ।

कई परीक्षाओं में फैला था नेटवर्क: अप्रैल में रद्द हुई थीं दो बड़ी परीक्षाएं

जांच एजेंसियों के अनुसार, अतुल राज काफी समय से जैमर और बायोमीट्रिक कंपनियों से जुड़कर काम कर रहा था। इसी अनुभव का फायदा उठाकर उसने अप्रैल 2026 में हुई सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी और AEDO परीक्षा के कई सेंटरों को 'मैनेज' किया था। बड़े पैमाने पर हुई इस धांधली के सबूत मिलने के बाद ही BPSC को ये दोनों परीक्षाएं रद्द करनी पड़ी थीं।

तालिबानी बर्बरता से सहमा बिहार: 13 साल के मासूम दिलशाद की पीट-पीटकर हत्या, झाड़ियों में मिला शव

पूछताछ में उगले कई नाम: बेऊर जेल भेजा गया मास्टरमाइंड

श्रीकृष्णापुरी थाने में दर्ज FIR के आधार पर कार्रवाई करते हुए EOU ने आरोपी को गिरफ्तार कर पटना की बेऊर जेल भेज दिया है। कड़ाई से पूछताछ में अतुल ने सॉल्वर गैंग से जुड़े कई बड़े चेहरों और मददगारों के नामों का खुलासा किया है। पुलिस अब इन सभी संदिग्धों के सत्यापन में जुटी है, जिससे आने वाले दिनों में कई और बड़ी गिरफ्तारियां होना तय माना जा रहा है।

Location :  Patna

Published :  20 August 2026, 1:38 PM IST

Advertisement