
रूट डायवर्जन प्लान लागू (Image: AI)
Buxar News: बिहार के मुख्यमंत्री के प्रस्तावित बक्सर दौरे को देखते हुए बलिया पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर बड़ा फैसला लिया है। वीआईपी मूवमेंट के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिले में भारी और मालवाहक वाहनों के आवागमन पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। पुलिस ने रूट डायवर्जन का प्लान जारी करते हुए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के मुख्यमंत्री का 23 सितंबर को बक्सर जिले के बक्सर प्रखंड में भ्रमण कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी को देखते हुए बलिया पुलिस ने 22 सितंबर की मध्य रात्रि से 23 सितंबर रात 8 बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया है। यह व्यवस्था फेफना, चितबड़ागांव और नरही थाना क्षेत्रों से होकर बक्सर की ओर जाने वाले भारी वाहनों पर लागू रहेगी। पुलिस का कहना है कि अतिविशिष्ट और विशिष्ट महानुभावों के आवागमन के दौरान सुरक्षित और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है।
पुलिस के अनुसार, फेफना तिराहे से बक्सर की तरफ जाने वाले सभी भारी वाहनों को रोका जाएगा। हालांकि बैरिया, सिकंदरपुर और बांसडीह जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। इन वाहनों को त्रिकालपुर तिराहा (गड़वार) से सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होते हुए आगे भेजने की व्यवस्था की गई है। वहीं, चितबड़ागांव तिराहे से भी बक्सर की ओर जाने वाले भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। यहां से जाने वाले वाहनों को फेफना तिराहा होते हुए त्रिकालपुर तिराहा, सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को डायवर्जन से बाहर रखा गया है। एंबुलेंस, फायर टेंडर, मेडिकल वाहन, डीजल-पेट्रोल टैंकर, गैस वाहन, आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहन और विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को आवागमन की अनुमति रहेगी।
बलिया पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वह डायवर्जन व्यवस्था का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें। पुलिस टीमों को तैनात कर यातायात व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी, ताकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
Location : Buxar
Published : 22 September 2026, 11:21 PM IST